राजनीति

कांग्रेस के कई विधायक नाराज, सोनिया गांधी से मिलने के लिए मांगा समय…

नई दिल्‍ली.  महाराष्ट्र में कांग्रेस (Congress) के कई विधायक प्रदेश की सरकार में अपने ही मंत्रियों के कामकाज से नाराज बताए जा रहे हैं. कांग्रेस के कई विधायकों ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने का समय मांगा है. 

महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की अगुआई में कांग्रेस, शिवसेना और एनसीपी गठबंधन की सरकार है. सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के करीब 20 से अधिक विधायक सरकार के मंत्रियों के कार्यशैली से खफा है और कुछ दिनों पहले महाराष्ट्र के प्रभारी एचके पाटिल से मिलकर इसकी शिकायत भी की थी.

कांग्रेस के विधायकों की शिकायत है कि प्रदेश में उनकी सरकार है लेकिन उनके ही कोटे के मंत्री उनकी नहीं सुनते और जो फैसले लिए जा रहे हैं, उससे कांग्रेस को आने वाले दिनों में नुकसान होगा. सूत्रों के अनुसार विधायकों की नाराजगी कांग्रेस की हिस्सेदारी को लेकर भी है.

अभी तक स्पीकर को लेकर भी कोई फैसला नहीं हो पाया है. वहीं, दो बड़े मंत्री बालासाहेब थोरात और नितिन राउत को लेकर भी नाराजगी है. बालासाहेब थोरात को लेकर विधायकों की नाराजगी इस बात को लेकर है कि वो विधायक दल के नेता होने के बावजूद कांग्रेस के विधायकों के ऊपर ध्यान नहीं देते हैं.

वहींं महाराष्ट्र में बिजली के हालात को लेकर कई विधायक ऊर्जा मंत्री नितिन राउत से नाराज हैं, महाराष्ट्र में बिजली के कनेक्शन और स्थिति को लेकर विधायकोंं की नाराजगी है. और विधायकोंं का मानना है ग्रामीण क्षेत्र में इससे काफी नाराजगी है और आने वाले चुनाव में इसका असर साफ तौर पर दिखेगा. 

महाराष्ट्र से कांग्रेस के कई विधायक अप्रैल के पहले सप्ताह में प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेने दिल्ली आ रहे हैं और अपनी बात आलाकमान को बताने के लिए उन्होंने इसी दौरान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने के लिए समय मांगा है.

कांग्रेस के विधायकों ने पत्र में कहा है कि महाराष्‍ट्र में कांग्रेस कोटे के मंत्री, विधायकों के कामों पर ध्‍यान नहीं दे रहे हैं. चुनाव क्षेत्र में इसका सीधा असर पड़ रहा है जबकि एनसीपी में विधायकों के काम अपेक्षाकृत जल्‍दी हो रहे हैं. एनसीपी मंत्रालयों को अधिक धन आवंटित किया गया है और कांग्रेस उनसे पिछड़ रही है.

अगर कांग्रेस विधायकों का बात नहीं सुनी गई तो कांग्रेस अन्‍य राज्‍यों की तरह महाराष्‍ट्र में हाशिए पर चली जाएगी. हालांकि पार्टी के प्रवक्‍ता अतुल लोंढे ने कहा है कि कोई भी विधायक सरकार या मंत्रियों से नाराज नहीं है.

सोनिया गांधी पार्टी अध्‍यक्ष हैं और उनसे मिलने का समय अलग-अलग कारणों से मांगा जाता रहा है. उन्‍होंने कहा कि राज्‍य सरकार स्थिर है और वह अपना कार्यकाल पूरा करेगी.

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button