
नई दिल्ली। 12 फरवरी 2026: भारतीय दूरदर्शन की सबसे लोकप्रिय और सम्मानित न्यूज रीडर सरला माहेश्वरी का आज निधन हो गया। वे 71 वर्ष की थीं। उनके निधन से टीवी पत्रकारिता के स्वर्णिम युग का एक महत्वपूर्ण अध्याय समाप्त हो गया है। सरला माहेश्वरी 1976 से 2005 तक दूरदर्शन में समाचार वाचिका के रूप में कार्यरत रहीं और अपनी सौम्य आवाज, सटीक उच्चारण तथा गरिमापूर्ण प्रस्तुति के लिए जानी जाती थीं।
उनकी आवाज और शांत, संस्कारी अंदाज ने उस दौर में दर्शकों के मन में गहरा विश्वास पैदा किया था, जब दूरदर्शन देश का एकमात्र प्रमुख समाचार माध्यम था। कई लोग उन्हें “टीवी की संस्कारी एंकर” कहते थे, और उनके निधन को टीवी पत्रकारिता के गोल्डन एरा का अंत माना जा रहा है।
दूरदर्शन ने आधिकारिक रूप से श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “दूरदर्शन परिवार की ओर से श्रीमती सरला माहेश्वरी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि। वह दूरदर्शन की सम्मानित और प्रतिष्ठित समाचार वाचिका थीं, जिन्होंने अपनी सौम्य आवाज़, सटीक उच्चारण और गरिमापूर्ण प्रस्तुति से भारतीय समाचार जगत में विशेष स्थान बनाया। उनकी सादगी, संयम और व्यक्तित्व ने दर्शकों के मन में गहरा विश्वास स्थापित किया।”
ऑल इंडिया महिला कांग्रेस ने भी सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने लिखा, “सरला की विश्वसनीयता और शालीनता आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा रहेगी। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।”
सरला माहेश्वरी के परिवार ने जानकारी दी है कि उनका अंतिम संस्कार आज शाम 4 बजे दिल्ली के निगम बोध घाट पर होगा।
उनकी सादगी, शालीनता और भरोसेमंद प्रस्तुति ने लाखों भारतीयों के घरों में समाचार को एक सम्मानित और सांस्कृतिक पहचान दी। सरला माहेश्वरी जी की यादें और उनकी आवाज हमेशा जीवित रहेंगी।