
Publish Date: | Sat, 20 Nov 2021 11:49 PM (IST)
नवागढ़। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर खारुन नदी में स्नान और दीपदान के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश की 70 फीसद ग्रामीण आबादी के लिए अहम घोषणाएं की हैं। जिसका नवागढ़ जनपद पंचायत अध्यक्ष अंजली सतीश मार्कण्डेय ने स्वागत करते हुए कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के पदाधिकारियों के प्रशासनिक और वित्तीय अधिकारों में वृद्घि कर मुख्यमंत्री ने जमीनी स्तर पर कार्यरत लोकतांत्रिक व्यवस्था के सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिसके लिए नवागढ़ जनपद पंचायत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का धन्यवाद ज्ञापित करती है।मार्कण्डेय ने कहा कि सरपंचों को 50 लाख रुपये तक की लागत के कार्य कराने का अधिकार दिया जाना, इसमें सबसे अहम माना जा सकता है। नई व्यवस्था के तहत पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित बजटीय योजनाओं के क्रियान्वयन में जिला पंचायत और जनपद पंचायत अध्यक्षों की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाएगी तथा उम्मीद की जानी चाहिए कि जल्द ही केंद्रीय योजनाओं के लिए भी यह व्यवस्था कायम हो जाएगी। सरपंच से लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष तक के मानदेय में वृद्घि की घोषणा सुधार की दिशा में अहम कदम है।उन्होंने कहा कि जिला और जनपद पंचायत के पदाधिकारियों को निधि प्रदान करने के मामले में भी बदलाव किए गए हैं। प्रदेश की पंचायती राज संस्थाओं के सदस्यों का ग्रामीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका रही है । सरकार की तरफ से की गई घोषणाओं से ग्रामीण व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगती है तो साथ ही सदस्यों और पदाधिकारियों की जवाबदेही भी बढ़ जाती है। राजनीति अगर सेवा भाव का काम है तो इसकी जड़ें पंचायत स्तर से ही मजबूत हो सकती हैं। जरूरी है कि पंचायत सदस्य से लेकर सरपंच तक सुनिश्चित करें कि विकास कार्यों का पूरी ईमानदारी से कार्यान्वयन हो।
Posted By: Nai Dunia News Network




