![छत्तीसगढ़ पुलिस भर्ती में गड़बड़ी: महिला ने फेंका 5.88 मी. गोला, ऐप में 8.117 मी. दर्ज कर 20 अंक दिए, DSP ने कराई FIR](https://cgakhbar.com/wp-content/uploads/2024/12/image-2024-12-19T120630.494.jpg)
राजनांदगांव। राजनांदगांव 8वीं बटालियन में चल रहे पुलिस आरक्षक भर्ती में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। मिली जानकारी अनुसार यहां एक महिला अभ्यर्थी को गोला फेंक में मिले अंक को बढ़ाकर एप में दर्ज कर दिया गया। इससे अभ्यर्थी को मिला अंक 11 मार्क से बढ़कर सीधे 20 मार्क हो गया।
इस तरह के फर्जीवाड़ा के खुलासे के बाद डीएसपी तनुप्रिया ठाकुर ने अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई है। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने हाईटेक व्यवस्था की गई है। बताया जाता है कि इलेक्ट्रॉनिक्स डिवाइस से हर इवेंट का डाटा जुटाया जा रहा है। इसके लिए हैदराबाद की टाइमिंग टेक्नॉलाजी को काम दिया गया है।
रोजाना शाम में ईवेंट के रिजल्ट को भी चेक किया जाता है। इसी दौरान गोला फेंक इवेंट में गड़बड़ी सामने आई। महिला अभ्यर्थी को गोला फेंक इवेंट में 20 अंक हासिल करना दिखाया गया।
वहीं अभ्यर्थी द्वारा फेंके गए गोले की माप 8.117 मीटर दर्ज था, जबकि मैनुअल रजिस्टर में दर्ज किए जा रहे रिकॉर्ड में उक्त अभ्यर्थी द्वारा 5.88 मीटर गोला फेंकने और इस लिहाज से 11 अंक दिया जाना दर्ज था।
सूत्रों द्वारा एप और मैनुअल दोनों में अलग-अलग रिकॉर्ड मिलने के बाद पूरी गड़बड़ी उजागर हो गई। इसके बाद मौके पर लगे सीसी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई, जिसमें अभ्यर्थी द्वारा 5.88 मीटर ही गोला फेंकने की पुष्टि हुई। इससे भर्ती प्रक्रिया में हुआ फर्जीवाड़ा सामने आ गया।