
सोशल मीडिया पर एक खौफनाक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक महिला स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रही होती है और फिर तभी पीछे से एक सिरफिरे शख्स ने उसे धक्का दे दिया। जैसे ही उसने महिला को धक्का दिया, वह महिला पटरी पर गिर पड़ी। इसी दौरान अचानक ट्रेन आ गई। गनीमत इस बात की रही कि ट्रेन उस महिला तक पहुंचने से पहले ही रुक गई और वह बच गई।
दरअसल, यह घटना बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स की है। एचडब्ल्यू न्यूज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, घटना शुक्रवार शाम ब्रसेल्स के रोजियर मेट्रो स्टेशन पर हुई। इस घटना के सीसीटीवी वीडियो को कई यूजर्स ने ट्विटर पर पोस्ट किया है। वीडियो में दिख रहा है कि लोग स्टेशन पर खड़े होकर मेट्रो ट्रेन का इंतजार कर रहे होते हैं। इस दौरान वह महिला भी वहीं खड़ी दिख रही है।
महिला ट्रेन का इंतजार कर रही थी ठीक इसी दौरान पीछे से एक सिरफिरे शख्स ने उसे पटरी की तरफ धकेल दिया। महिला पटरी पर गिरी ही थी कि सामने से मेट्रो ट्रेन आ गई। लेकिन एक कहावत है ना कि जाको राखे साइयां मार सके ना कोय और इस महिला के साथ भी कमोबेश यही हुआ। महिला तक पहुंचते-पहुंचते ट्रेन आकर रुक गई।
ब्रुसेल्स ट्रांसपोर्ट कंपनी के प्रवक्ता ने ब्रसेल्स टाइम्स को बताया कि घटना के तत्काल बाद ड्राइवर ने बहुत अच्छी प्रतिक्रिया दी और उसने ट्रेन को वहीं रोक दिया, इससे महिला बच गई। हालांकि वह महिला बहुत सदमे में है। उधर आरोपी शख्स को पकड़ लिया गया है। उसकी मानसिक स्थिति की जांच की जा रही है।