अन्‍य

एंटीलिया मामला: एनआईए का बड़ा खुलासा, मनसुख हिरेन की हत्या के लिए दिए गए थे 45 लाख

आउटलुक टीम

इसे भी पढ़ें

एंटीलिया मामले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बड़ा खुलासा किया है। एनआईए ने मंगलवार को विशेष न्यायालय को बताया कि ठाणे के व्यवसायी मनसुख हिरेन की हत्या के लिए 45 लाख रुपये दिए गए थे। वहीं जांच एजेंसी ने कोर्ट से इस मामले में आरोपपत्र दाखिल करने के लिए और 30 दिनों का समय मांगा।

इससे पहले विशेष अदालत ने एनआईए को 9 जून को शपथ पत्र दाखिल करने के लिए दो महीने का वक्त दिया था। एनआईए ने विशेष अदालत को बताया कि इस मामले में फंडिंग किसने की थी, वह पता लगाए जाने की आवश्यकता है।

एजेंसी ने कोर्ट को यह भी बताया कि 150 गवाहों के बयान दर्ज किए गए हैं। एक टीम ने जांच के तहत दिल्ली जाकर भी बयान दर्ज किया। इस मामले में अब तक पूर्व पुलिस अधिकारी प्रदीप शर्मा और सचिन वाझे को गिरफ्तार किया गया है। 

बता दें कि बीते 25 फरवरी को उद्योगपति मुकेश अंबानी के दक्षिण मुंबई स्थित घर के बाहर विस्फोटक से लदी एसयूवी मिलने के बाद हिरेन ने दावा किया था कि वह कार पहले उसके पास थी। मगर इसके बाद 5 मार्च को उसका शव बरामद किया गया।

इस केस में जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनमें पूर्व पुलिस अधिकारी प्रदीप शर्मा और सचिन वाझे शामिल हैं। एनआईए के मुताबिक मुंबई पुलिस के सहायक पुलिस इंस्पेक्टर सचिन वाझे मामले में मुख्य आरोपी हैं जिन्हें अब बर्खास्त कर दिया गया है। वहीं अंबानी की सुरक्षा में चूक और हिरन की हत्या के केस में अब तक तीन अधिकारियों, एक कांस्टेबल सहित 4 पुलिसकर्मी और एक क्रिकेट सट्टेबाज को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार पुलिसकर्मियों को सेवा बर्खास्त कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button