
Publish Date: | Sat, 20 Nov 2021 11:46 PM (IST)
मुंगेली(नईदुनिया न्यूज)। कलेक्टर अजीत वसंत ने कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभा कक्ष में राजस्व विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर उनके कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि जिले के 95 केंद्र में एक दिसंबर से धान की खरीदी होगी। बैठक में राजस्व विभाग की अविवादित नामांतरण, सीमांकन और बंटवारा के प्रकरणों का निराकरण निर्धारित अवधि में पूरा करने के निर्देश दिए। विवादित प्रकरणों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की और आवश्यक निर्देश दिए। ड्रायवर्सन, भूअर्जन, मुआवजा भुगतान, भू-भाटक वसूली आदि के प्रगति समीक्षा की और भू-भाटक की वसूली नियमित रूप से करने के निर्देश दिए। धान की खरीदी सभी 66 समितियों के 95 धान उपार्जन केंद्रों में की जाएगी। उन्होंने कहा कि धान की उपार्जन केंद्रों में गुणवत्ता युक्त ही धान की खरीदी की जाएगी। इस अवसर पर फोटो युक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य के संबंध में जानकारी प्राप्त की और मतदाता सूची में नाम जोड़ने और संशोधन करने के कार्य को निर्धारित अवधि में पूरा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर द्वय तीर्थराज अग्रवाल, नम्रता डोगरें अन्य उपस्थित रहे।जिले में कृषकों को लाभ के लिए चिराग परियोजना की शुरूआत कलेक्टर अजीत वसंत ने कृषि एवं समवर्गी विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होने कहा कि जिले में कृषि विकास और कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन कर कृषकों को अधिक से अधिक लाभ प्रदान करने के लिए चिराग परियोजना की शुरूआत की गई है। उन्होंने अधिकारियों से रबी के लिए प्रमुख फसल गेहूं, ग्रीष्मकालीन धान, चना और तिलहन फसलों के लिए बीज का भंडारण, वितरण सहित रासायनिक उर्वरकों के बारे में जानकारी प्राप्त की और निर्देश दिए। राज्य पोषित योजना के तहत दलहन बीज उत्पादन प्रोत्साहन योजना, किसान समृद्धि योजना और द्विफसलीय क्षेत्र विस्तार के तहत, कृषकों को देय अनुदान सहित चना फसल प्रदर्शन के तहत लाभान्वित किसानों के बारे में जानकारी प्राप्त की। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत धान के बदले पौधारोपण करने वाले किसानों के बारे में जानकारी प्राप्त की और आवश्यक निर्देश दिए। चिराग परियोजना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस योजना के तहत उन्होंने चयनित ग्रामों के बारे में जानकारी प्राप्त की और आवश्यक निर्देश दिए। पशु चिकित्सा विभाग की समीक्षा करते हुए राज्य शासन की महत्वाकांक्षी नरवा,गरुवा,घुरुवा,बाड़ी योजना के तहत निर्मित गोठानों में चारागाह का क्षेत्र बढ़ाने के निर्देश दिए।
Posted By: Nai Dunia News Network



