
प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ शाखा दुर्ग द्वारा अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन जारी है। धरना स्थल पर समर्थन देने पहुंचे दुर्ग जिला सांसद विजय बघेल ने प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के बैनर तले धरना प्रदर्शन में शामिल होकर कांग्रेस सरकार को कोसते हुए कहा कि पिछले चार साल सात महीने में कांग्रेस सरकार आम जनता की किसी उम्मीद पर खरी नहीं उतरी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेसी शासन काल में हर वर्ग के लोग हताश हैं। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने कठिन कोरोना काल संकट के समय में अपने जान की परवाह किए बिना लोगों की सेवा की है। ऐसे पीड़ित लोगों की सेवा करने वाले कर्मचारियों के साथ भी धोखा किया गया। उन्होंने आगामी चुनाव में ऐसे कुशासन को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पूरे प्रदेश में आंदोलन किया जा रहा है। सांसद बघेल दुर्ग जिले में इन कर्मचारियों के आंदोलन में शामिल होकर उन्हें समर्थन देने पहुंचे। उक्त अवसर पर आंदोलनकारी कर्मचारियों ने उन्हें अपनी समस्याएं बताई। सांसद विजय बघेल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने किसी का काम नहीं किया और इस बात को जनता भलीभांति समझती है । स्वास्थ्य कर्मचारियों की मांगों के समर्थन देने भाजपा जिलाध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा, अध्यक्ष ब्रृजेश बिजपुरीया , महामंत्री ललित चंद्राकर सहित भाजपा के सदस्य व जिला स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारी व सदस्यगण मौजूद थे।