
Publish Date: | Sun, 14 Nov 2021 12:13 AM (IST)
अंतागढ़। तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रसत हो जाने से कार में सवार एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए। घायलों को अंतागढ़ समामुदायिक स्वास्थ केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को रायपुर रेफर कर दिया गया और अन्य घायलों का उपचार अंतागढ़ में ही किया जा रहा है।नारायणपुर बखरूपारा निवासी अजय सिन्हा शनिवार को अपने परिवार के साथ पारिवारिक कार्य से किराये की होंडा मोबिलो कार से दुर्ग जाने के लिए निकले थे। सुबह लगभग 11 बजे अंतागढ़ के समीप पोंडगांव से पहले कार चालक ने तेज व लापरवाहीपूर्वक कार चलाते हुए दुर्घटनाग्रस्त कर दिया। जिससे कार में बैठे सात लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की गति बहुत तेज थी, जिसके चलते मोड़ पर चालक कार को नियंत्रित नहीं कर पाया और कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पेड़ और खेत में बने मेड़ से टकराती हुई सड़क से लगभग 25 से 30 मीटर दूर खेत में जाकर पलट गई। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को कार से बाहर निकाला गया और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंतागढ़ पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल भावना सिन्हा पिता अजय सिन्हा (11), उमेश सिन्हा पिता स्व. शिव प्रसाद सिन्हा (49) व लक्ष्मी नारायण सिन्हा पिता रमेश सिन्हा (24) को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया। वहीं घायल अजय सिंह सिन्हा पिता लक्ष्मी नारायण सिन्हा (43), चंद्रकांता सिन्हा पति अजय सिन्हा (36), रजत सिन्हा पिता अजय सिंह सिन्हा (14), उर्मिला सिन्हा पति रमेश कुमार सिन्हा (45) का उपचार स्वास्थ्य केंद्र अंतागढ़ में ही किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि जिन घायलों का उपचार अंतागढ़ में चल रहा है, उन्हें जिला चिकित्सालय कांकेर रेफर करने की तैयार चल रही थी।
Posted By: Nai Dunia News Network



