छत्तीसगढ़

गोठानों में मचान बनाकर करें पराली का भंडारण : चंदन संजय त्रिपाठी

Publish Date: | Tue, 16 Nov 2021 12:03 AM (IST)

महासमुंद। शनिवार को संचालक पशु चिकित्सा सेवायें चंदन संजय त्रिपाठी महासमुंद जिले के एक दिवसीय दौरे पर आईं। उन्होंने ग्राम बिरकोनी गोठान और मनरेगा राशि से निर्मित कुक्कुट शेड का अवलोकन किया। उन्होंने कुक्कुट टीकाकरण की भी जानकारी ली। यहां महिला स्व-सहायता समूह के द्वारा स्व वित्तीय व्यवस्था से सौ कुक्कुट का पालन पिछले माह अक्टूबर से शुरू किया गया है। त्रिपाठी ने कुक्कुट को रानीखेत फाउलपाक्स का टीकाकरण जल्द कराने और किसानों से गोठानों में पैरा दान कराने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि पैरा को गोठान में मचान बनाकर ही भंडारण किया जाए। संचालक पशु चिकित्सा सेवायें त्रिपाठी ने ग्राम पटेवा पशु औषधालय और पशु चिकित्सालय झलप एवं ग्राम सोनासिल्ली का भी निरीक्षण किया। साफ-सफाई एवं अभिलेखों का संधारण समुचित ढंग से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कृत्रिम गर्भाधान लक्ष्य से कम होने पर नाराजगी व्यक्त की। सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी, पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ को गायों की जानकारी उपलब्ध होने के बाद कृत्रिम गर्भाधान दिए गए लक्ष्य के अनुरूप करने के निर्देश दिए। इस मौके पर वे पशुपालक तुलाराम पटेल से मिली और उनसे बातचीत की। पशु चिकित्सालय भवन झलप की स्थिति जर्जर होने पर उसकी मरम्मत प्रस्ताव भेजने कहा। पशु चिकित्सालय प्रभारी को व्यवस्थाओं में सुधार करने, पशुपालकों को सुविधाएं एवं अन्य सेवायें उपलब्ध कराने निर्देश दिए। उन्होंने कृत्रिम गर्भाधान कार्य का सत्यापन भी किया। इनाफ पोर्टल पर पशु पंजीयन एवं कृत्रिम गर्भाधान कार्य का अवलोकन कराया गया। संचालक द्वारा पशु चिकित्सालय सोनासिल्ली में किये जा रहे कृत्रिम गर्भाधान कार्य, नस्ल सुधार एवं ग्रामीणों में जागरूकता लाने संबंधी कार्यों की सराहना की। संचालक त्रिपाठी ने पशु चिकित्सालय के भंडार व्यवस्था ठीक करने भंडार पंजियों को समुचित ढंग से संधारित रखने के निर्देश दिए। इस मौके पर संचालनालय से अपर संचालक डा. केके ध्रुव, पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ डा टीडी सरजाल, डा. रोहिणी पाठक एवं डा.दीपमाला देवांगन और उप संचालक डा. डीडी झारिया साथ थे।

Posted By: Nai Dunia News Network

 

Related Articles

Back to top button