
छत्तीसगढ़ में कोरोना की रफ्तार जारी है। बुधवार को प्रदेश में 5476 नए केस मिले हैं, जिसमें रायपुर में सबसे ज्यादा 1785 संक्रमितों की पुष्टि हुई है। वहीं कोरोना से प्रदेश में चार लोगों की जान भी चली गई। छत्तीसगढ़ में अब एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 27,425 पहुंच गई है। रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, दुर्ग, जांजगीर-चांपा, राजनांदगांव, सरगुजा में सबसे ज्यादा केस मिले हैं। इन जिलों में नाइट कर्फ्यू का भी असर नहीं दिख रहा है। प्रदेश के किसी भी जिले में 10 से कम मरीज नहीं मिले हैं। वनांचल क्षेत्र में भी अब तेजी से संक्रमण बढ़ रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के राज्य कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को प्रदेश में 5476 नए केस मिले हैं, जिसमें सबसे ज्यादा रायपुर में 1785 नए संक्रमित मिले हैं। इसके बाद दुर्ग में 800, बिलासपुर में 418, कोरबा में 403, रायगढ़ में 348, जांजगीर-चांपा में 321, जशपुर में 279, सरगुजा में 221, राजनांदगांव में 214, बलौदाबाजार में 71 सूरजपुर में 70, कोरिया में 65, दंतेवाड़ा में 51, बस्तर-बलरामपुर में 49-49 नए केस मिले हैं। प्रदेश के अधिकांश जिलों में 10 से ज्यादा मरीज मिले हैं। प्रदेश में अब कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 27,425 हो गई है।
छत्तीसगढ़ में पॉजिटिविटी दर 9.25 पहुंची
बुधवार को 59 हजार 218 लोगों की जांच की गई। प्रदेश में पॉजिटिविटी दर 9.21 से बढ़कर 9.25 पहुंच गई है। कोरोना संक्रमण से रायपुर में चार लोगों की मौत हुई है। हॉस्पिटल से 96 लोग डिस्चार्ज हुए तो वहीं 1837 लोगों ने होम आइसोलेशन पूरा किया है। राज्य नोडल अधिकारी डॉ. सुभाष मिश्रा ने बताया कि संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। यह संक्रमण फरवरी तक बढ़ेंगे और मार्च तक स्थिति सामान्य होगी। डॉ. मिश्रा ने लोगों से अपील की है कि कोरोना की गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करें और अनावश्यक बाहर न निकलें। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए सावधानी जरूरी है। इधर सामान्य प्रशासन विभाग ने सहकारी सहित निजी क्षेत्रों में भी वर्क फ्राम होम लागू करने निर्देश जारी किया हैं।