राजनीति

अखिलेश यादव ने मायावती को सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री बताने पर भाजपा विधायक को घेरा

नई दिल्ली। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मायावती को सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री बताने के भाजपा विधायक राजेश चौधरी के बयान की आलोचना की है।   अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा ,उत्तर प्रदेश के एक भाजपा विधायक द्वारा राज्य की एक पूर्व महिला मुख्यमंत्री जी (मायावती) के प्रति कहे गए अभद्र शब्द दर्शाते हैं कि भाजपा नेताओं के मन में महिलाओं और खासतौर से वंचित-शोषित समाज से संबंध रखने वालों के प्रति कितनी कटुता भरी है। उन्होंने लिखा,राजनीतिक मतभेद अपनी जगह होते हैं, लेकिन एक महिला के रूप में उनका मान-सम्मान खंडित करने का किसी को भी अधिकार नहीं है।भाजपा नेता कह रहे हैं कि उन्हें मुख्यमंत्री बनाकर हमने गलती की थी, यह भी लोकतांत्रिक देश में जनमत का अपमान है और बिना किसी आधार के ये आरोप लगाना भी बेहद आपत्तिजनक है कि वह सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री थीं। सपा प्रमुख ने मांग की है कि सार्वजनिक रूप से दिए गए इस बयान के लिए भाजपा के विधायक के खिलाफ मानहानि का मुकदमा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसे विधायकों को प्रश्रय देकर महिलाओं के मान-सम्मान को गहरी ठेस पहुंचा रही है। अगर ऐसे लोगों के खिलाफ भाजपा तुरंत अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं करती है तो मान लेना चाहिए कि ये किसी एक विधायक का व्यक्तिगत विचार नहीं है बल्कि पूरी भाजपा का विचार है।सपा प्रमुख के इस ट्वीट के बाद बसपा प्रमुख मायावती ने अखिलेश यादव का आभार जताया। मायावती ने एक्स पर लिखा, सपा मुखिया ने मथुरा जिले के एक भाजपा विधायक को उनके गलत आरोपों का जवाब देकर बसपा प्रमुख के ईमानदार होने के बारे में सच्चाई को माना है। उसके लिए पार्टी आभारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button