
नई दिल्ली। भारत में मौसम का भी अपना रंग हैं। यहां कहीं झुलसाने वाली गर्मी होती है तो कहीं बर्फबारी जानलेवा हो जाती है। इस वक्त भी कुछ इसी तरह का मौसम अपना रंग दिखा रहा है। करीब आधा भारत भीषण गर्मी,लू से झुलस रहा है तो पूर्वोत्तर के हिमालयी क्षेत्रों में बारिश, बर्फभारी हो रही है। उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों को प्रचंड गर्मी से राहत को मिली है, लेकिन तेज आंधी के साथ पानी और ओलावृष्टि का सामना करना पड़ रहा है। देश के पूर्वी, मध्य और दक्षिण इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है। ओडिशा और पश्चिम बंगाल के गंगा के तटीय इलाकों में पिछले 15 दिनों से ही लू की स्थिति बनी हुई है। इस समय दोनों राज्यों के कई इलाके प्रचंड गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए झारखंड और ओडिशा में लू और भीषण गर्मी को लेकर रेड अलर्ट और बिहार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, कर्नाटक के आंतरिक इलाके, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, केरल के अलग-अलग इलाकों और महाराष्ट्र के कई क्षेत्रों में भी झुलसा देने वाली गर्मी पड़ रही है और लू चल रही है। त्रिपुरा में लू के चलते सभी स्कलों को 1 मई तक बंद कर दिया गया है। देश का आईटी हब बंगलूरू पानी के संकट के बाद प्रचंड गर्मी से झुल रहा है। रविवार को महानगर का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। यह सामान्य से 4 डिग्री से भी अधिक है। आईएमडी के बंगलूरू केंद्र के निदेशक सीपी पाटिल ने बताया कि शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक रहा। अभी तक बंगलूरू में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है जो 25 अप्रैल, 2016 को दर्ज हुआ था।