
एयर होस्टेस को पटाने के लिए शराब तस्कर ने एक साल में 50 बार की बिजनेस क्लास में हवाई यात्रा
बिहार पुरानीया :- किसी लड़की को पटाने के लिए कुछ लोग कुछ भी करने के लिए बेताब रहते हैं. अभा ताजा मामला बंगाल के शराब तस्कर समर घोष का है. समर के ठाठ किसी रईस से कम नहीं थे. यही वजह है की शराब की तस्करी में करोड़ों की कमाई के बाद उसने पैसे को पानी की तरह बहाया. पुलिस की पकड़ में आने के बाद खुलासा हुआ है कि महज दसवीं तक पढ़ा शराब तस्कर समर घोष जो पहले सब्जी बेचता था.
शराब की तस्करी में उसने अकूत पैसे कमाए. इसके बल पर उसने एक साल में पचास बार सिलीगुड़ी के बागडोगरा हवाई अड्डे से दिल्ली तक बिजनेस क्लास में हवाई यात्रा की. उसने यह सब कुछ अपनी एयर होस्टेस महिला मित्र को खुश करने और उसे अपनी ठाठ-बाट दिखाने के लिए किया था.
पिता हैं चतुर्थ वर्गींय कर्मचारी
बाद में यूपी के बुलंदशहर की रहने वाली सोनिया नामक इसी एयर होस्टेस के साथ शराब तस्कर समर घोष ने शादी भी कर ली. बताया जाता है की सोनिया समर के रुपये फूंकने की अदा की इस तरह कायल हुई कि उसने समर से शादी रचा ली. समर घोष के पिता सुकुमार घोष बंगाल के इस्लामपुर में जल संसाधन विभाग में चतुर्थ वर्गींय कर्मचारी हैं.
पार्टी में भी लाखों रुपये फूंके
उसने घरवालों को भी शराब तस्करी के धंधे की भनक नहीं लगने दी थी. घरवालों की नजर में वह बिजनेस करता था. वह अपनी एयर होस्टेस महिला मित्र के दोस्तों को भी कई बार पार्टी दे चुका था.
इस पार्टी में भी उसके द्वारा लाखों रुपये फूंके गए थे. समर घोष की गिरफ्तारी के दौरान भी यही पार्टी वजह बनी और उसे पुलिस ने फिल्मी अंदाज में दबोच लिया.
मुहंमागी रकम देकर खरीदता था टिकट
शराब तस्कर समर घोष के जिस एयर होस्टेस से संबंध थे उसकी जिस दिन ड्यूटी रहती थी उस दिन बिजनेस क्लास की टिकट वह मुंहमागी रकम देकर खरीदता था.
2019 से शुरू हुआ बिजनेस क्लास में उसका हवाई सफर 2020 तक तब तक जारी रहा जब तक दोनों ने शादी नहीं कर ली. हवाई सफर के दौरान उसे कई बार मोटी रकम ट्रिप के रूप में दिया करता था.
नन्की एवं मधु डे अब पुलिस के राडार पर
बंगाल के शराब तस्कर समर घोष की गिरफ्तारी के बाद पुलिस के राडार पर अब नन्की एवं मधु डे हैं. इनके खिलाफ भी पूर्णिया पुलिस ने न्यायालय से गिरफ्तारी का वारंट हासिल कर लिया है. तीन महीने के दौरान मद्य निषेध विभाग एवं पूर्णिया पुलिस ने आधे दर्जन से अधिक छोटे बड़े शराब तस्करों को पकड़कर जेल भेज दिया है और शराब तस्करों की कमर तोड़ दी है.
पुलिस समर घोष की गिरफ्तारी के बाद अब उसके मोबाइल फोन के द्वारा शराब के तस्करी में जुड़े और आरोपियों की तलाश में जुट गयी है.
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
इस संबंध में पूर्णिया एसपी दयाशंकर ने कहा है कि समर घोष की बिजनेस क्लास में हवाई यात्राओं की भी जांच की जा रही है की उसने कितनी बार हवाई यात्रा की है.




