
देश में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज दो राज्य, राजस्थान और मध्य प्रदेश में लू चलेगी। 10 मई को भी मध्य प्रदेश में हालात ऐसे ही रहेंगे। गुजरात में 13 मई और केरल में 10 मई तक भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है। हालांकि, कई राज्यों में मौसम सुहाना हो चुका है।
उत्तर प्रदेश में भी लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में अचानक बदलाव हुआ है। बीते कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद कुछ राहत जरूर मिल गई है।
दिल्ली में आज छाए रहेंगे बादल
बात करें राष्ट्रीय राजधानी की तो गुरुवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शुक्रवार से दिल्ली के मौसम पर एक पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखने की संभावना है। इसके असर से अगले तीन दिनों के बीच-बीच में बूंदाबांदी होने के आसार हैं।