देश

शहरी स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में झारखंड बना नंबर वन, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

राष्ट्रपति से सम्मान ग्रहण करते झारखंड के नगर विकास सचिव विनय कुमार चौबे

आउटलुक टीम

रांची। झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमन्‍त सोरेन के खाते में एक और उपलब्धि आई। शनिवार  20 नवंबर 2021 को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द नें स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में झारखंड को  राज्यों की श्रेणी में देश के अव्वल राज्य का सम्मान प्रदान किया। इस मौके पर राज्य सरकार की ओर से नगर विकास एव आवास विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे ने सम्मान प्राप्त किया। साथ में राज्य शहरी विकास अभिकरण के निदेशक अमित कुमार भी मौजूद थे। जनसंपर्क विभाग के अनुसार इस मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द, केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी एवं केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने झारखंड सरकार, नगर विकास विभाग और प्रदेश के नागरिकों को इस सम्मान के लिए बधाई दी।
सफाई के क्षेत्र में जमशेदपुर और जुगसलाई भी सम्मानित
स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में 100 शहरी निकायों वाले राज्यों की श्रेणी में झारखंड को बेस्ट परफॉर्मिंग अवार्ड के साथ कुछ शहरों को भी विभिन्न कैटेगरी में सम्मानित किया गया है। देश के 3 से 10 लाख तक की आबादी वाले शहरों में जमशेदपुर को सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज के लिए दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। पूर्वी जोन के 25-50 हजार आबादी वाले शहरों में जुगसलाई को सिटिजन फीडबैक के लिए बेस्ट सिटी के रूप में सम्मानित किया गया है। इसी तरह से गार्बेज 3 स्टार रेटिंग में भी झारखंड के जमशेदपुर को 3***  रेटिंग  से सम्मानित किया गया है।
शहरी स्वच्छता के क्षेत्र में झारखंड का प्रदर्शन
गौरतलब है कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2016 में झारखंड की स्थिति बहुत प्रशंसनीय नही थी, पर लगातार स्वच्छता सर्वेक्षण 2017, 2018, 2019, 2020 और 2021 में राज्य की जनता के सहयोग और शहरी निकायों तथा राज्य सरकार के कुशल मार्गदर्शन में राज्य नें स्वच्छता के क्षेत्र में कई सम्मान प्राप्त किए हैं।
विभाग और निकायों ने उठाए थे कुछ महत्वपूर्ण कदम
स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 से पहले सभी निकायों में बैठक,कार्यशाला और कैंपेन आयोजित हुआ। समाज के हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कार्यक्रम चलाए गए। डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन सुनिश्चित कराया गया। सेग्रिगेशन एंड प्रोसेसिंग ऑफ वेस्ट को प्राथमिकता दी गयी। पीट कंपोस्टिंग एंड ऑनसाइट कंपोस्टिंग के लिए नगर निकायों और नागरिकों को प्रोत्साहित किया गया। रीसाइक्लर्स को नगर निकायों के साथ जोड़ा गया। कैरी बैग को वैन किया गया और सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल में कमी लायी गयी। स्वच्छता ऐप के माध्यम से सफाई से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निदान किया गया। स्वच्छता के क्षेत्र में झारखंड को मिली सफलता पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन नें प्रदेश के शहरी निकायों में रह रहे नागरिकों और सफाईकर्मियों को बधाई और शुभकामना दी है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि सभी के संयुक्त प्रयास से ये सम्मान झारखंड को प्राप्त हुआ और यह सम्मान प्रदेश के नागरिकों के लिए गौरव का विषय है। राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने भी राज्य की जनता और नगर विकास विभाग के पदाधिकारियों तथा कर्मियों को बधाई दी है।

Related Articles

Back to top button