![e0a4ace0a4bfe0a4b9e0a4bee0a4b0 e0a4b0e0a4bee0a49ce0a4a6 e0a4b8e0a587 e0a49fe0a582e0a49fe0a4be e0a4a8e0a4bee0a4a4e0a4be e0a4a4e0a58b 61aa6621250b2](https://shashwatkalam.com/wp-content/uploads/2021/12/e0a4ace0a4bfe0a4b9e0a4bee0a4b0-e0a4b0e0a4bee0a49ce0a4a6-e0a4b8e0a587-e0a49fe0a582e0a49fe0a4be-e0a4a8e0a4bee0a4a4e0a4be-e0a4a4e0a58b_61aa6621250b2.jpeg)
बिहार: राजद से टूटा नाता तो अब इस दल का मिलेगा साथ, कांग्रेस की पकड़ होगी मजबूत?
आउटलुक टीम
इसे भी पढ़ें
बिहार में आरजेडी से दोस्ती टूटने के बाद कांग्रेस राज्य में पार्टी को मजबूत बनाने की बात लगातार कह रही है। अब इसी कड़ी में राज्य की एक पार्टी का कांग्रेस के साथ विलय हो सकता है। पिछले कुछ दिनों से जन अधिकार पार्टी (लो.) के कांग्रेस में विलय को लेकर कयास तेज हो गए हैं।
हिंदुस्तान के मुताबिक, जाप के सभी प्रकोष्ठ की कमेटियां भंग किए जाने के बाद संभावना जताई जा रही है कि जल्द पार्टी का विलय कांग्रेस में हो सकता है। जाप के प्रदेश अध्यक्ष राघवेंद्र कुशवाहा ने गुरुवार को पार्टी की सभी समितियों को भंग किए जाने की जानकारी दी।
गौरतलब है कि पिछले दिनों यह चर्चा जोरों पर थी लेकिन किन्हीं कारणों से मामला ठंडा पड़ गया था। जाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कोर कमेटी की बैठक में लिए गए निर्णय के मुताबिक जाप ने गुरुवार को सभी प्रकोष्ठों की सभी कमेटियों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है।
जाप के प्रदेश अध्यक्ष राघवेंद्र कुशवाहा ने कहा कि आगामी 19 दिसंबर को पटना में राज्य कार्यकारिणी की बैठक होगी। इसमें प्रदेश के सभी पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, कार्यकारिणी के सदस्य एवं विशेष आमंत्रित सदस्य भाग लेंगे। राजनीतिक दृष्टिकोण से अहम इस बैठक में पार्टी के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारीयों को आमंत्रित किया गया है। माना जा रहा है कि अगर कांग्रेस के साथ इस पार्टी का विलय होता है तब सूबे में कांग्रेस को कुछ ताकत तो जरूर मिलेगी।