
सूरत के पूणा में मूल राजस्थान की 16 साल की नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाने के बाद युवक और उसके रिश्तेदार द्वारा गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक ने शादी करने का झांसा देकर नाबालिग से रुपए मांगे तो वह घर से 60 लाख के सोने-चांदी के गहने चुराकर ले आई।
जब घर में माता-पिता को गहने चोरी होने की बात मालूम हुई तो मामले का खुलासा हुआ। राजस्थान के मूल निवासी राजवीर (नाम बदला है।) कई सालों से पूणा में रहते और कपड़े का कारोबार करते हैं। परिवार में पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां हैं। छोटी बेटी स्नेहा (नाम बदला है।) की उम्र 21 साल है।
वह जब 16 साल की थी और दसवीं में पढ़ती थी तो राज उर्फ विकास लालराम आंजणा पटेल (अभी बेंगलुरू में रहता है) से उसकी पहचान हुई थी। दोनों एक-दूसरे से प्रेम करने लगे थे। राज ने स्नेहा को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। दोनों के प्रेम संबंध की जानकारी लच्छाराम उर्फ लक्ष्मण चौधरी को हुई थी।
लच्छाराम राज का रिश्तेदार है। लच्छाराम ने एक दिन नाबालिग को मिलने के लिए बुलाया था। राज भी उसके साथ आया था। राज और लच्छाराम ने युवती से बारी-बारी दुष्कर्म किया था। वर्ष 2017 में राज ने उसे डूमस में मिलने के लिए बुलाकर एक फार्म हाउस में भी दुष्कर्म किया था।
इसके बाद वर्ष 2019 में राज बेंगलुरू चला गया। वह स्नेहा से मिलने बेंगलुरू से सूरत आता था शादी करने का झांसा देकर दुष्कर्म भी करता था।
स्नेहा ने राज को फोन किया तो उसने पहचानने से इनकार कर दिया
राज ने कहा कि वह शादी करने को तैयार पर है, पर उसके पास मकान नहीं है। राज ने मकान खरीदने के लिए स्नेहा से पैसे मांगे थे। स्नेहा ने घर से 1347 ग्राम सोने के गहने चुराकर राज और उसके कहने पर उसके दोस्त को दिया था। गहने की कुल कीमत 60 लाख रुपए है। गत 11 मार्च को राज फ्लाइट से सूरत आकर स्नेहा से मिला था।
उसने कहा कि दो मकान और एक कार खरीदी है, अब हम जल्द ही शादी कर लेंगे। इसके बाद पूणा के एक होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया। इसी बीच स्नेहा के माता-पिता को एक शादी समारोह में गांव जाना था। मां ने तिजोरी खोली तो उसमें से गहने गायब थे। तिजोरी का कोड स्नेहा उसकी बहन और भाई भी जानते थे।
पिता ने सभी से पूछताछ की तो स्नेहा ने सारी सच्चाई बयान कर दी। इसके बाद स्नेहा ने राज को फोन किया तो उसने पहचानने से इनकार कर दिया। स्नेहा ने पूणा थाने में राज पटेल और लच्छाराम (निवासी- रेशमा रो-हाउस, पूणा, मूल- बगडी गांव, पाली, राजस्थान) के खिलाफ गैंगरेप की शिकायत दर्ज कराई है।