
Publish Date: | Sat, 20 Nov 2021 12:01 AM (IST)
मैनपुर। तहसील मुख्यालय मैनपुर स्थित बीएसएनएल टावर में शुक्रवार को एक मानसिक रूप से बीमार युवक चढ़कर उत्पात मचाने लगा। कभी कपड़े उतारता तो कभी नाचने गाने लगता और तो और लोगों को देखकर टावर से कूदने की धमकी भी देता।मैनपुर नगर स्थित बीएसएनएल के लगभग 100 फीट ऊंचे टावर में सुबह छह बजे के आसपास मानसिक रूप से बीमार युवक चमन चक्रधारी पिता मोहनू चक्रधारी (28 वर्ष) नदीपारा निवासी अचानक चढ़ गया। वह लगभग छह-सात घंटे तक वहां था। टावर के सबसे ऊपरी छोर में अजीबो गरीब हरकत करते उपद्रव मचाते रहा। टावर के नीचे मैनपुर सरपंच बलदेव राज ठाकुर सहित पुलिस प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किया गया लेकिन छह-सात घंटे बाद भी युवक नहीं उतरा। पुलिस प्रशासन की मदद से स्थानीय युवक गोलू नागेश व सिकंदर ने टावर के आधे दूरी तक पहुंच युवक को मनाने का प्रयास किया। लंबे समय तक उधम मचाने के बाद युवक नीचे उतरा जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने उसको मैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। इस घटनाक्रम के शांत होने के बाद लगभग शाम चार बजे के आसपास उक्त युवक फिर से टावर की चोटी में चढ़ गया और ऊपर एक घंटे तक टावर में झुलते रहा। मैनपुर के स्थानीय निवासी सुमन चक्रधारी के सहयोग से युवक को नीचे उतारा गया और उनके स्वजनों के सुपुर्द देखरेख में छोड़ा गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान टावर के नीचे लोगों का जमावड़ा रहा। मौके पर सरपंच बलदेव राज ठाकुर, थाना मैनपुर से एएसआइ हिमांचल ध्रुव, विनोद नरेटी, दिलीप सिन्हा सहित पुलिस के जवान व नगरवासी उपस्थित रहे। मैनपुर के बीएसएनएल टावर में आज हुए घटनाक्रम से नगरवासी व राहगीर खासे परेशान हुए। नगरवासियों ने नगर में लगे सभी टावर में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं होने से बेहद नाराजगी जताई है और इस प्रकार की घटना दोबारा न हो इसके लिए सुरक्षा के हिसाब से उपकरण व साधन लगाने की मांग की है।
Posted By: Nai Dunia News Network