
आउटलुक टीम –
JUN 26 , 2021
जम्मू-कश्मीरः श्रीनगर जिले के बारबरशाह इलाके में सीआरपीएफ पर ग्रेनेड हमला, तीन नागरिक घायल
ANI
आउटलुक टीम
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर जिले के बारबरशाह इलाके में अज्ञात आतंकियों ने सीआरपीएफ बंकर पर ग्रेनेड से हमला कर दिया। इसमें तीन नागरिक घायल हो गए। जिन्हें मौके पर अस्पताल पहुंचाया गया। हमले में आतंकियों का निशाना चूक गया जिससे सड़क पर विस्फोट हुआ। इलाके में तलाशी अभियान जारी है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सुरक्षाकर्मियों पर किए गए हमले के दौरान आतंकियों का निशाना चूक गया और विस्फोट सड़क पर हुआ। इससे पहले बीते दिनों जम्मू-कश्मीर में पुलिस और सीआरपीएफ की नाका पार्टी पर ग्रेनेड हमला किया गया था। ये आतंकी हमला पुलवामा के मुख्य चौक पर हुआ।
शुक्रवार को भी जम्मू कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। जवानों और आतंकियों के बीच हुए इस एनकाउंटर के दौरान सुरक्षाबलों ने एक आतंकवादी को मार गिराया। यह मुठभेड़ शोपियां जिले के हांजीपोरा इलाके में हुई थी। सुरक्षाबलों का ये ऑपरेशन पिछले दो दिनों से जारी था। शोपियां जिले में लगातार तीन दिन के भीतर एनकाउटंर की यह दूसरी घटना है। इससे पहले बुधवार को शोपियां जिले के शिरमल इलाके में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई थी।