रायपुर

पीएचई के नवनियुक्त इंजीनियरों का प्रशिक्षण शुरू, मंत्री चौबे बोले- इंजीनियरों के कंधों पर विकास की जिम्मेदारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के जल संसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे ने सोमवार को जल संसाधन विभाग में नव नियुक्त सहायक अभियंताओं को बेहतर काम के लिए प्रेरित किया। जल संसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे, जल संसाधन विभाग के रायपुर ट्रेनिंग सेंटर में नवनियुक्त सहायक अभियंताओं के आधारभूत प्रशिक्षण के उद्घाटन सत्र में कहा कि आने वाले समय में जल संसाधन विभाग की जिम्मेदारी आप के कंधों पर हैं। कुछ ऐसा काम करें की आने वाली पीढियां आपको याद करें।

कार्यक्रम के दौरान जल संसाधन मंत्री चौबे ने कहा कि पानी विकास की आधारभूत आवश्यकता है इस विकास की जिम्मेदारी आप जैसे अभियंताओं के कंधों पर है। मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि बदलती हुयी तकनीक के अनुसार खुद को भी हर दिन अपडेट करते रहना होगा ताकि आपकी क्षमताओं में विस्तार होता रहे। इसके लिए जरूरी है कि एक एक अभियंता अपनी कार्य पूरी जिम्मेदारी के साथ करे। तभी आप अपने कार्य के साथ न्याय कर पाएंगे। यही नहीं सही मायनों में विकास की गति आप जैसे इंजीनियरों के काम पर ही टिकी हुई है।

इस प्रशिक्षण सत्र में नवनियुक्त 44 सहायक अभियंताओं एवं 6 सहायक भू-जलविदों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 15 दिनों तक चलने वाला आधारभूत प्रशिक्षण सत्र 14 फरवरी से प्रारंभ होकर 4 मार्च 2022 तक चलेगा। इस प्रशिक्षण में कार्यालयीन व्यवस्था, स्थापना, लेखा, प्रशासनिक सेटअप, प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकारों एवं तकनीकी विषयों यथा डिजाइन, ड्राइंग, प्राक्कलन, सीएसआर, स्पेसिफिकेशन, गुणवत्ता परीक्षण आदि विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा तथा कार्यस्थल का भ्रमण कराने का कार्यक्रम भी निर्धारित है।

कार्यक्रम में जल संसाधन विभाग के सचिव अन्बलगन पी भी मौजूद रहे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि अभियंताओं को खुद में समय के साथ बदलाव करते रहना होगा। ताकि वो आगे जाकर बड़ी जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार रहें। इस मौके पर विभाग के मुख्य अभियंता  इंद्र कुमार उइके, महानदी परियोजना के प्रमुख अभियंता आरके नगरिया समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button