
बिलासपुर। Bilaspur News: बसों का किराया बढ़ा दिया गया है। पर किसी भी बसों में नई किराया सूची नहीं है। इसके चलते यात्रियों को परेशानी भी हो रही है। उनकी इसी दिक्कत को देखते हुए परिवहन मुख्यालय ने सभी जिले के परिवहन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बसों में सूची चस्पा कराई जाए। सूची श्रेणीवार और किमी के आधार पर दर्ज करनी है।बस आपरेटरों द्वारा पिछले दिनों कुछ मांगों को लेकर धरना, रैली समेत कई तरह से आंदोलन किए। वह किराया वृद्धि को लेकर डटे हुए थे। इसे लेकर प्रदेश सरकार ने छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इसमें बसों के किराए में 25 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी करने की घोषणा की गई। राजपत्र में प्रकाशन के बाद इसे लागू भी कर दिया गया है। यात्रियों से अब सफर के दौरान बढ़ा हुआ किराया लिया जा रहा है।पर नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों से जब अधिक किराया लिया जाता है तो उनके द्वारा आपत्ति जताई जाती है। दरअसल अभी भी अधिकांश यात्रियों को बस किराया बढ़ने की जानकारी नहीं है और न ही बस संचालकों ने बसों में इसे चस्पा किया है। नियमानुसार जब किराया नहीं बढ़ा तब भी पुरानी किराया सूची को चस्पा करने के निर्देश थे। नियमित जांच नहीं होने से अधिकांश ने इसे चस्पा भी नहीं किया था।पर अब सभी को इस आदेश का पालन करना होगा। परिवहन मुख्यालय ने जिला मुख्यालय को इसे सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। निर्देश के साथ मानिटरिंग करने के लिए भी कहा गया है। विभाग का मानना है यदि ऐसी व्यवस्था हो जाती है तो यात्रियों को सुलभ तरीके से जानकारी प्राप्त हो जाएगी।
Posted By: sandeep.yadav