
Publish Date: | Sat, 30 Oct 2021 07:12 AM (IST)
पांडुका। जिला पंचायत सदस्य व भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य चंद्रशेखर साहू ने प्रदेश सरकार द्वारा एक दिसंबर से धान खरीदी किए जाने के निर्णय को किसान विरोधी बताते हुए 15 नवंबर से धान खरीदी करने की मांग की है। साथ ही 15 नवंबर से धान खरीदी नहीं होने पर आंदोलन की बात कही है।चंद्रशेखर साहू ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार जब विपक्ष में थी तब किसानों की समस्याएं बता कर 15 नवंबर से धान खरीदी की मांग को लेकर लगातार आंदोलन करती थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद कांग्रेस का किसान विरोधी चेहरा सामने आ गया। सत्ता में आते ही किसानों की समस्या भूल गए व धान खरीदी एक दिसंबर से करने जा रही है। छत्तीसगढ़ में धान की फसल तैयार है लेकिन शासन इस सत्र में इसकी खरीदी एक माह देर से किए जाने से किसानों में बेचैनी है। हरुना किस्म की धान की कटाई शुरू हो गई है। किसानों को कटाई और मिजाई के बाद पैसों की जरूरत होती है, सामने दीपावली का त्योहार है, जिसके कारण किसानों को पैसों की सबसे अधिक आवश्यकता इसी समय होती है। ऐसे में प्रदेश के अधिकांश किसान औने-पौने दामों पर कोचियों को धान बेचने पर मजबूर हैं। सरकार जानबूझकर ऐसा कर रही है, इसके बाद किसानों को टोकन के मारामारी होगी फिर बारदानों की कमी से जूझना पड़ेगा। सरकार अपनी अकर्मण्यता के बोझ को किसानों के ऊपर लाद रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इसी तरह धान के रकबे को गुपचुप ढंग से कम किए जाने की साजिश भी कांग्रेस सरकार रच रही है। अफसरों पर दबाव डाला जा रहा है, कर्मचारियों को जबरन धान का रकबा कम दिखाए जाने का निर्देश दिया जा रहा है।
Posted By: Nai Dunia News Network