
कोलकाता – भाजपा में जाने और उत्तर कोलकाता से लोकसभा चुनाव लड़ने के कयासों के बीच आज टीएमसी के बागी नेता और ममता सरकार में मंत्री तापस रॉय ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उधर आज सुबह तापस रॉय से तृणमूल कांग्रेस के दो नेता ब्रात्य बसु और कुणाल घोष मिलने पहुंचे. जिसके बाद भी तापस ने संकेत दिये कि वे अपना फैसला बदलने वाले नहीं हैं. कुणाल घोष करीब दो घंटे तक तापस रॉय के साथ बातचीत करके निकले. जब उनसे पूछा गया कि अगर चुनावी मैदान में सुदीप बंधोपाध्याय और तापस रॉय आमने सामने होते हैं, तो आप किसका साथ देंगे?
इस पर कुणाल घोष ने जवाब दिया कि ‘दूल्हे राजा में जो जॉनी लीवर थे’ यानी कि दोनों तरफ. गौरतलब है कि कुणाल घोष भी पिछले शुक्रवार से बागी तेवर में हैं और उत्तर कोलकाता से टीएमसी सांसद सुदीप बंधोपाधाय के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है. कुणाल घोष ने तो अपने ट्वीट में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए यह तक कह दिया था कि सुदीप की जांच होनी चाहिए. कुणाल ने नाराज होकर पार्टी के प्रवक्ता और जनरल सेक्रेटरी के पद से इस्तीफा भी दे दिया था. उधर आज कुणाल को इसी ट्वीट को लेकर पार्टी की तरफ से शो कॉज नोटिस जारी किया गया.
जिसके बारे में पूछे जाने पर कुणाल घोष ने गाना गाया और कहा कि वे गाना सुन रहे थे इसलिए उनके पास शो कॉज नोटिस देखना का समय नहीं था. गौरतलब है कि कुणाल घोष टीएमसी में अभिषेक बनर्जी के करीबी माने जाते हैं और सुदीप बंधोपाध्याय ममता बनर्जी की पसंद हैं. ऐसे में लोकसभा चुनाव के पहले ये लड़ाई कहीं टीएमसी पर भारी न पड़ जाए.



