छत्तीसगढ़

सोनाखान बनेगा तहसील, 28 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

Publish Date: | Sat, 11 Dec 2021 12:03 AM (IST)

कसडोल। कसडोल विकासखंड के ग्राम सोनाखान को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कई सौगातें दीं। उन्होंने सोनाखान को तहसील बनाने का भी एलान किया है। साथ ही राजधानी के जिस जयस्तंभ चौक पर 10 दिसंबर 1857 को तत्कालीन अंग्रेजी सरकार ने बलिदानी वीर नारायण सिंह को फांसी दी थी, वहां पर उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक परिसर में बलिदानी वीरनारायण सिंह की घोड़े पर सवार आदमकद प्रतिमा का अनावरण भी किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शुक्रवार को अपने निर्धारित समय से एक घंटा देरी से कसडोल विकासखंड के ग्राम सोनाखान पहुंचकर बलिदानी वीर नारायण सिंह के समाधि स्मारक में श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने यहां 28 करोड़ 60 लाख रुपये के विभिन्ना विकास कार्यों की सौगात भी दी। इनमें 9 करोड़ 60 लाख रुपये की बंगलापाली से महराजी मार्ग पर जोंक नदी में निर्मित पुल व 16 करोड़ की लागत से एकलव्य छात्रावास का लोकार्पण तथा 2 करोड़ 67 लाख रुपये की लागत से कुरूपाठ में सीढ़ी निर्माण के प्रथम चरण का भूमिपूजन कार्य शामिल है। कार्यक्रम की अध्यक्षता आदिम जाति व अनुसूचित जाति विकास मंत्री डा. प्रेमसाय सिंह टेकाम व विशेष अतिथि के रूप में उद्योग मंत्री कवासी लखमा, संसदीय सचिव व स्थानीय विधायक चंद्रदेव राय, शकुन्तला साहू, छग पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी, कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश वर्मा व जिला अध्यक्ष हितेन्द्र ठाकुर उपस्थित थे।स्वजनों को अब मिलेगी 10 हजार रुपये मासिक पेंशन : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्य मंच पर बलिदानी वीर नारायण सिंह के स्वजनों का शाल व श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा बलिदानी के वंशजों के बढ़ाए गए मासिक पेंशन स्वीकृति आदेश पत्र भी प्रदान किए। आदेश के तहत अब प्रतिमाह उनके वंशजों को 10 हजार रुपये पेंशन मिलेगी। इसके पहले मासिक पेंशन केवल एक हजार रुपये मिलती थी। मुख्यमंत्री बघेल ने सोनाखान इलाके के पांच ग्राम- कुकरीकोना, उपरानी, अचानकपुर, पटियापाली व गितपुरी की ग्राम सभा को सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र भी वितरित किए। सोनाखान कालेज की मेधावी छात्र-छात्राओं को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। बलिदानी वीरनारायण सिंह के आदर्शों पर चल रही छत्तीसगढ़ सरकार : उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में अंग्रेजी सरकार के खिलाफ बगावत का बिगुल बलिदानी वीर नारायण सिंह ने फूंका था। उनके बलिदान दिवस पर उन्हें याद करके हम गौरवान्वित महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार वीर नारायण सिंह के आदर्शों पर चलकर गांव, गरीब और किसानों के कल्याण में जुटी हुई है। किसानों के आर्थिक सामाजिक विकास के कार्यों से हम जरा भी पीछे नहीं हटेंगे। किसानों का सर्वागीण विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विपरित परिस्थितियों व अड़गेबाजी के बावजूद हम किसानों की उपज का घोषणा के अनुरूप खरीदी कर रहे हैं। दिनों-दिन हम किसानों से ज्यादा मात्रा में धान खरीदी कर रहे हैं। इस वर्ष 1 करोड़ 5 लाख मीटरिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा है।

Posted By: Nai Dunia News Network

 

Related Articles

Back to top button