
Publish Date: | Sun, 14 Nov 2021 12:09 AM (IST)
कसडोल। विकासखंड के ग्राम पंचायत मल्दा में क्षेत्रीय विधायक व संसदीय सचिव शकुंतला साहू ने 22 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। वहीं मल्दा व मड़कडा में अखंड नवधा रामायण में शामिल होकर मानसज्ञान का श्रवण किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शकुंतला ने कहा कि नवधा भक्ति में रामचरित मानस भारतीय संस्कृति में एक विशेष स्थान रखता है। भगवान राम को मर्यादा पुरुषोत्तम कहा जाता है, माना जाता है कि भगवान विष्णु ने ही त्रेता युग में धरती से अत्याचार और पाप का अंत करने के लिए राजा दशरथ के घर सातवें अवतार के रूप में राम के रूप में जन्म लिया था। उत्तर भारत में रामायण के रूप में कई लोगों द्वारा प्रतिदिन पढ़ा जाता है। श्री रामचरित मानस में इस ग्रंथ के नायक को एक महाशक्ति के रूप में दर्शाया गया है जबकि महर्षि वाल्मीकि कृत रामायण में श्री राम को एक मानव के रूप में दिखाया गया है। गोस्वामी तुलसीदास ने भगवान राम के जीवन और उनके राम राज्य पर पवित्र धार्मिक ग्रंथ रामचरिममानस की रचना की थी। रामचरितमानस की चौपाइयां केवल शब्द ही नहीं हैं बल्कि मानव कल्याण का साधन भी है। इन चौपाइयों के जप से आप अपनी सभी मनोकामनाएं पूर्ण कर सकते हैं। इस अवसर पर ग्राम मड़कडा के सरपंच की मांग पर 6 लाख 50 हजार के सामुदायिक भवन व ग्राम पंचायत मल्दा में 5 लाख का रंगमंच तथा 5 लाख रुपये का सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की गई। कार्यक्रम में गोरे लाल साहू जिला पंचायत सभापति, नीलू चंदन साहू अध्यक्ष नगर पंचायत कसडोल, मानस पांडे जिलाध्यक्ष युवा कांग्रेस बलौदाबाजार, नीरेंद्र छत्रीय ब्लाक कांग्रेस कमेटी कसडोल, पार्षद विकास यादव, सेवती कैवर्त समेत बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
Posted By: Nai Dunia News Network