
Publish Date: | Fri, 12 Nov 2021 11:54 PM (IST)
खरियार रोड। ममिता मेहेर हत्याकांड के विरोध में शुक्रवार को सुबह से दोपहर 12 बजे तक खरियार रोड बंद रहा। कांग्रेस ने पूरे ओडिशा बंद का आव्हान किया था।कालाहांडी जिले के बहुचर्चित ममिता मेहेर हत्याकांड के दोषियों पर कठोर कार्रवाई, हत्याकांड में संलिप्त प्रदेश के गृह राज्यमंत्री दिव्य शंकर मिश्र को पद से बहिष्कृत करने व गिरफ्तार किए जाने की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ओडिशा बंद का आह्वान किया था। इस पर ओडिशा हाई कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई थी। अपने फैसले में हाई कोर्ट ने कहा था कि राजनीतिक दल विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं, मगर किसी की व्यक्तिगत स्वतंत्रता को नहीं छीन सकते हैं। मोटरवाहन यातायात को बंद करना भी गैरकानूनी है। हड़ताल के दौरान किसी भी वाहन को जबरन नहीं रोका जा सकता है। व्यावसायिक प्रतिष्ठान को भी जबरन बंद नहीं कराया जा सकता हैं। विरोध प्रदर्शन के दौरान किसी भी जगह पर बल पूर्वक दुकान बाजार, परिवहन सेवा बंद कराई गई तो फिर पुलिस को कानूनी कार्रवाई करने के लिए हाई कोर्ट ने निर्देश दिया था। शुक्रवार को खरियार रोड में कांग्रेस के बन्द का आह्वान सफल रहा। नगर कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद जुनेद के नेतृत्व में सुबह छह बजे कांग्रेस ने बन्द के समर्थन में अपील शुरू की। कांग्रेस के इस छह घंटे की शांतिपूर्ण हड़ताल को समर्थन भी मिला। बाजार बंद रहा। हालांकि कुछ दुकाने खुली थी। यातायात प्रभावित नहीं किया गया था। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने एक बाइक रैली निकालकर विरोध जताया और राज्य सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की। इस दौरान पीसीसी सदस्य मोती रावल, तेलंगाना प्रदेश युवा कांग्रेस के सोशल मीडिया सह प्रभारी अनंत सोनी, युवा कांग्रेस नगर अध्यक्ष आयुष गुप्ता, जीतू साहू, भीम साहू, छबि पांडे, अर्खित साहू, राजेश सिन्हा, नवीन धुर्वा, डिगेश्वर साहू, प्रथम गुप्ता, जीतू नाग, लोचन यादव आदि उपस्थित थे।
Posted By: Nai Dunia News Network



