
Publish Date: | Tue, 16 Nov 2021 11:29 PM (IST)
धमतरी। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय ने 16 नवंबर को धमतरी में पत्रकारों के साथ चर्चा में कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। चारों ओर चाकूबाजी, छेड़खानी, लूट, डकैती जैसी घटनाएं हो रही हैं। छत्तीसगढ़ में माफिया राज और तबादला उद्योग चल रहा है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं। लोगों को अपमानित होना पड़ रहा है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार तबादला उद्योग चला रही है। कलेक्टर, एसपी का तबादला कब कहां हो जाए, किसी को पता नहीं है। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र का एक भी वादा पूरा नहीं किया है। राज्य सरकार झूठे वादे कर सत्ता में आई है। राज्य सरकार को पेट्रोल-डीजल में वेट टैक्स कम करना चाहिए, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। कोरोना काल में सेल टैक्स के नाम पर दुरुपयोग किया गया है। आज पूरे प्रदेश में रेत, सीमेंट के दाम बढ़ गए हैं। अपनी गलती छुपाने के लिए उल्टा कांग्रेसी केंद्र सरकार पर मिथ्या आरोप मढ़ रहे हैं। कांग्रेस की जन जागरण पदयात्रा के सवाल पर उन्होंने कहा कि इससे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। प्रदेश की जनता जान चुकी है कि कांग्रेस को जीताकर कितनी बड़ी गलती की है। धान खरीदी समय पर हो जाती तो आज किसानों को परेशानी नहीं होती। बारिश से उन्हें नुकसान नहीं सहना पड़ता। मोटा चावल केंद्र सरकार द्वारा नहीं लेने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने चार बार रेक बढ़ाया। 16 लाख मीट्रिक टन को 95 लाख मिट्रिक टन किया अब राज्य सरकार को अपना दायित्व निभाना चाहिए। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के सामने कुछ युवाओं ने भाजपा प्रवेश किया, जिनका भाजपाई गमछा पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला संगठन प्रभारी नीलू शर्मा, जिलाध्यक्ष ठाकुर शशि पवार, विधायक रंजना डीपेंद्र साहू, कविंद्र जैन, प्रकाश बैस, प्रीतेश गांधी, चेतन प्रकाश हिंदूजा, नरेंद्र रोहरा, अर्चना चौबे, शरद चौबे, सांसद प्रतिनिधि उमेश साहू,जिला पंचायत सदस्य दमयंती साहू,तल्लीन पुरी गोस्वामी, पिंटू डागा सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।विधान सभा और लोक सभा चुनाव के लिए जुटने का आह्वानभाजपा की जिला कार्यसमिति की बैठक प्रदेशाध्यक्ष विष्णु देव साय की मौजूदगी में हुई। बैठक में जिले एक लाख 82 हजार प्राथमिक सदस्यों से वर्ष 2023 का विधानसभा और वर्ष 2024 का लोकसभा चुनाव जीतने अभी से तैयारी में जुटने का आह्वान किया गया। केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों और राज्य सरकार की नाकामियों से जनता को अवगत कराने की अपील कार्यकर्ताओं से की गई। आगामी कार्यक्रमों और आंदोलनों पर चर्चा कर रणनीति बनाई गई।
Posted By: Nai Dunia News Network