
Publish Date: | Thu, 09 Dec 2021 11:35 PM (IST)
रायगढ़। पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीना के मार्गदर्शन पर सभी पुलिस राजपत्रित अधिकारियों द्वारा आम लोगों की समस्याओं के निराकरण हेतु अलग-अलग थानाक्षेत्रों में पुलिस जनदर्शन जनदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है । इस क्रम में पुसौर पुलिस द्वारा थाना प्रांगण में जनदर्शन का कार्यक्रम रखा गया था जिसमें पुसौर थाना के पर्यवेक्षण अधिकारी राकेश भोई उप पुलिस अधीक्षक (बालक विरूद्घ अपराध अनुसंधान शाखा) तथा थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक संतोषी ग्रेस क्षेत्रवासियों की शिकायतें, समस्याएं सुनने मौजूद थी।जिनके द्वारा जनदर्शन में मारपीट, विवाद के मामलों की आई शिकायतों का निराकरण मौके पर ही तत्काल किया गया। थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक संतोषी ग्रेस द्वारा जनदर्शन कार्यक्रम की जानकारी स्थानीय मीडिया तथा ग्राम कोटवारों के माध्यम दी गई थी, जिस पर जनदर्शन में क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक, महिलायें पुरुष एवं स्कूल, कालेज के छात्र छात्रायें काफी संख्या में उपस्थित थे। कार्यक्रम में डीएसपी राकेश भोई द्वारा उपस्थित लोगों को एटीएम से धोखाधड़ी, साइबर क्राइम और मानव तस्करी के अपराधों की जानकारी देकर इससे बचने कहा गया । डीएसपी भोई ने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच लगातार संवाद होते रहने से क्षेत्र में अवैधानिक कृत्यों की जानकारी मिलती है । कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं को ट्रैफिक नियमों तथा साइबर क्राइम की जानकारी देकर गांव के वरिष्ठ नागरिकों गांव में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों जुआ, सट्टा, अवैध शराब की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराने कहा गया । साथ ही ग्रामीणों को फोन लगाकर लाटरी लगाने व एटीएम के पासवर्ड की जानकारी न देने के लिए भी कहा गया। ग्रामीणों को गांव में अजनबी व्यक्ति दिखने पर तत्काल थाने में सूचना दिए जाने के लिए भी कहा गया।
Posted By: Nai Dunia News Network




