
Publish Date: | Fri, 03 Dec 2021 11:55 PM (IST)
भिलाई। नामांकन के आखिरी दिन कांग्रेस ने भिलाई तथा भाजपा ने चरोदा व जामुल में शक्ति प्रदर्शन किया। वहीं जोगी कांग्रेस ने भी नामांकन के अंतिम दिन भिलाई व जामुल से अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए। भिलाई चरोदा निगम, रिसाली निगम तथा जामुल पालिका में नामांकन रैली नहीं निकाली। वहीं भाजपा ने भिलाई व रिसाली निगम में रैली नहीं निकाली। बता दें कि तीन दिसंबर को नामांकन का अंतिम दिन था। राजनीतिक दलों की ये परंपरा रही है कि नामांकन के अंतिम दिन शक्ति प्रदर्शन कर नामांकन दाखिल किया जाता है। इस बार नामांकन की प्रक्रिया जटिल होने के कारण कई निकाय में रैली स्थगित कर दी। तीन दिसंबर तक नामांकन वापसी के बाद तीन दिसंबर तक स्कूटनी तथा छह दिसंबर को नाम वापसी होगा। छह दिसंबर की शाम तक निर्दलीय प्रत्याशियों को भी चुनाव चिन्ह आबंटित कर दिया जाएगा। कांग्रेस ने भिलाई में दिखाई ताकतकांग्रेस ने नामांकन रैली निकाली। नामांकन रैली नगर निगम कार्यालय से शुरू होकर घड़ी चौक, घड़ी चौक से नगर निगम पहुंची। नामांकन रैली में गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप चौबे, दुर्ग विधायक अरुण वोरा, विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक भजन सिंह निरंकारी शामिल हुए। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने नामांकन रैली नहीं निकाली। रिसाली नगर निगम में कांग्रेस व भाजपा दोनों दलों ने रैली नहीं निकाली। दोनों दल के पार्षद नामांकन भरने के पहले अपने अपने वार्डों में जरुर भ्रमण किया। उसके बाद नामांकन की औपचारिकता पूरी की। भिलाई चरोदा निगमभिलाई चरोदा निगम में भारतीय जनता पार्टी ने नामांकन रैली निकाली। रैली की अगुवाई भिलाई चरोदा निगम के चुनाव प्रभारी बृजमोहन अग्रवाल ने की। रैली राम मंदिर भिलाई तीन से निकलकर नामांकन स्थल डा.खूबचंद कालेज भिलाई तीन पहुंची। रैली में सिर्फ पांच वार्ड के प्रत्याशी शामिल हो पाए। शेष प्रत्याशी नामांकन भरने में लगे रहे। वहीं कांग्रेस ने यहां रैली नहीं निकाली। रैली की बजाए पीएचई मंत्री रुद्र गुरु ने कांग्रेस प्रत्याशियों की बैठक ली।जामुल पालिका में भाजपा ने निकाली रैलीजामुल नगर पालिका में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक रैली निकाली। दुर्गा मंदिर से होते हुए रैली नगर पालिका कार्यालय जामुल पहुंची। रैली की अगुवाई पूर्व संसदीय सचिव लाभचंद बाफना, नीलू शर्मा तथा संतोष सिंह द्वारा की गई। पूर्व नपाध्यक्ष रेखराम बंछोर, पूर्व नपा उपाध्यक्ष राम प्यारी वर्मा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष कविता विश्वाल, दीपक गुप्ता तथा इश्वर ठाकुर के एक साथ आने के कारण भाजपा में खासा उत्साह देखा गया। वहीं कांग्रेस ने यहां एक साथ रैली नहीं निकाली। पूर्व नपाध्यक्ष सरोजनी चंद्राकर ने बताया कि सभी प्रत्याशियों ने अपने अपने वार्ड में रैली निकालने के बाद नामांकन जमा किया। –देर रात तय हुआ रेखराम का टिकटजामुल नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष रेखराम बंछोर ने वार्ड नंबर तीन से टिकट की मांग की थी। दो दिन से रेखराम बंछोर के नाम पर मंथन चल रहा था। एक खेमा जमकर विरोध कर रहा था, पर भाजपा को पिछला अनुभव याद था। संगठन इस बार रेखराम बंछोर को नाराज करके नहीं चलना चाहता था। रेखराम बंछोर को विजय बघेल व पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय का समर्थक माना जाता है। इसलिए दूसरा खेमा उनको टिकट दिए जाने का विरोध कर रहा था। आखिरकार संगठन ने रेखराम बंछोर के नाम पर मुहर लगा दी। –कांग्रेस ने सुबह जारी किए चार नामकांग्रेस ने नामांकन के अंतिम दिन सुबह चार नामों की घोषणा की। वार्ड पांच कोसा नगर से संदीप निरंकारी को प्रत्याशी बनाया गया। वहीं वार्ड 24 हाउसिंग बोर्ड से नितेश यादव को प्रत्याशी बनाया गया है। दो बार के निर्दलीय पार्षद राजेश चौधरी को कांग्रेस ने वार्ड 57 सेक्टर-4 पूर्व से टिकट दिया है। विधायक देवेंद्र यादव के प्रतिनिधि एकांश बंछोर को सेक्टर-5 पूर्व से प्रत्याशी बनाया गया है।
Posted By: Nai Dunia News Network