
Publish Date: | Mon, 15 Nov 2021 11:58 PM (IST)
बलौदाबाजार। बलौदाबाजार के संत कवर राम उद्यान के पास चल रही श्रीमद भागवत कथा के पांचवे दिन सोमवार को भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव और उनके मानव जीवन में अवतरित होने की कथा का वर्णन किया गया। जिसमें श्रोता भाव विभोर होकर कथा का आनंद लिया। बलौदाबाजार संत कवर राम उद्यान के पास में 11 नवंबर से चल रही श्रीमद् भागवत कथा यज्ञ में संत राजीव नयन महराज (श्रीधाम वृदांवन) कथा सुना रहे हैं। उन्होंने भगवान श्री कृष्ण के बाल कृष्ण के जन्मोत्सव की कथा में बताया। कहा कि भगवान का जन्म भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि रोहिणी नक्षत्र की मध्य रात्रि में हुआ। उस समय इंद्र भगवान ने घनघोर बारिश की। भगवान का अवतार हमारे मानव जीवन के लिए परम कल्याणमयी है। उन्होंने धरती से पापियों के संहार करने के लिए ही जन्म लिया है। जिस प्रकार भगवान के जन्म से ही उनके जीवन में तमाम प्रकार के संकट और कठिनाइयां आईं और उन्होंने उसका निवारण अपने पराक्रम से किया उसी प्रकार हर मनुष्य को अपने जीवन में कठिनाइयों और विपत्ति का सामना करना चाहिए। कथा सुनकर वहां मौजूद लोगों ने भक्ति विभोर होकर ‘जय श्री राधे जय श्री कृष्ण जय श्री राधे’ की जयकारे लगाने लगे। जय कारे से संत कवर राम उद्यान गूंज उठा। मुख्य यजमान टीकेश्वर प्रसाद वर्मा (शुक्लाभाटा वाले) भागवत सुनने आए श्रोताओं को प्रसाद वितरित किया। भागवत कथा में नगर समेत आसपास गांवों के सैकड़ों भक्त मौजूद रहे। मंगलवार को भी भागवत कथा कही जाएगी। भागवत कथा का समय दोपहर 1 से 5 बजे तक है।
Posted By: Nai Dunia News Network