छत्तीसगढ़

धान बेचने के लिए किसानों की संख्या के साथ रकबा भी बढ़ा

Publish Date: | Sun, 14 Nov 2021 12:08 AM (IST)

दुर्ग। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी एक दिसंबर से प्रारंभ होगी। धान खरीदी के लिए पंजीयन का काम पूरा हो गया है। जिसके मुताबिक इस साल 3151 नए किसानों ने पंजीयन कराया है। किसानों की संख्या के साथ-साथ रकबे में भी बढ़ोत्तरी हुई है। पिछले साल के बनिस्बत रकबा 6265.94 हेक्टेयर बढ़ गया है।सरकार द्वारा प्रति क्विंटल 2500 सौ रुपये की दर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है। समर्थन मूल्य पर धान की बढ़ी कीमत की वजह से इसकी खेती को लेकर किसानों का आकर्षण अभी भी बना हुआ है। इस वित्तीय वर्ष में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले नए किसानों का 10 नवंबर तक पंजीयन किया गया। खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस साल जिले में 3151 नए किसानों ने अपना पंजीयन कराया है। वहीं पंजीयन कराने वाले इन किसानों के धान का रकबा 6265.94 हेक्टेयर बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गत वर्ष जिले में समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए कुल 95198 किसानों ने अपना पंजीयन कराया था। इन किसानों के धान का कुल रकबा करीब एक लाख पांच हेक्टेयर था। इस साल पंजीकृत किसानों की बढ़कर 98349 तक पहुंच गई है। वहीं रकबा भी बढ़कर एक लाख 11 हजार 265.94 हेक्टेयर पहुंच गया है।दूसरी फसल लेने किसानों ने नहीं दिखाई रूचिराज्य सरकार ने इस वर्ष धान की बोनी शुरू होने से पहले किसानों को धान के बजाय अन्य लाभकारी फसल लेने प्रेरित करने का निर्देश दिया था। प्रशासन द्वारा इस दिशा में पहल भी की गई। किसानों को धान के बजाय अन्य लाभकारी फसलों के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। धान के बजाय अन्य फसल लेने पर किसानों को प्रति एकड़ दी जाने वाली 10 हजार रुपये की सब्सिडी के संबंध में भी अवगत कराया गया। लेकिन किसानों पर इसका असर नहीं हुआ। किसानों ने अन्य फसलों के बजाए धान की फसल लेने बेहतर समझा। –किसानों की संख्या के साथ करबा बढ़ाजिले में एक दिसंबर से होने वाली समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए किसानों के पंजीयन का काम पूरा हो गया है। जिसके मुताबिक पिछले साल की तुलना में किसानों की संख्या और रकबा दोनों बढ़ गया है। -सीपी दीपांकर खाद्य नियंत्रक दुर्ग

Posted By: Nai Dunia News Network

 

Related Articles

Back to top button