छत्तीसगढ़

धान उठाव के लिए परिवहन का ठेका, संग्रहण केंद्र भी खोले जाएंगे

Publish Date: | Sat, 11 Dec 2021 12:04 AM (IST)

दुर्ग। जिले में समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान का जल्द से जल्द उठाव के लिए धान परिवहनकर्ताओं की भी मदद ली जाएगी। प्रशासन द्वारा धान परिवहन को लेकर ठेका दिया जा चुका है। आने वाले सप्ताह में संग्रहण केंद्रों को भी खोलने की तैयारी की जा रही है। वहीं शुक्रवार को कलेक्टर ने खरीद केंद्रों का निरीक्षण कर खरीदी व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। जिले के 94 केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी एक दिसंबर से शुरू की गई है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अब तक आठ लाख 7845 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। जिसमें से 59280 क्विंटल धान का उठाव खरीद केंद्रों से होना बताया जा रहा है। वर्तमान में धान का उठाव राइस मिलरों द्वारा किया जा रहा है। जिले में इस वर्ष करीब 45 लाख क्विंटल धान खरीदी की जानी है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा खरीद केंद्रों से धान का समय पर उठाव और परिवहन को लेकर व्यवस्था बनाई जा रही है। वर्तमान में राइस मिलरों के माध्यम से धान का उठाव किया जा रहा है। लेकिन इसकी रफ्तार धीमी है। स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने केंद्रों से धान उठाव के लिए निजी परिवहनकर्ताओं को ठेका दिया है। जिला विपणन अधिकारी भौमिक बघेल ने बताया कि ट्रांसपोर्टर से अनुबंध किया जा रहा है और आने वाले सप्ताह से धान का उठाव भी कराया जाएगा। मार्कफेड द्वारा आने वाले सप्ताह में धान संग्रहण केंद्रों को भी खोलने की तैयारी की जा रही है। किसानों ने कलेक्टर से कहा वर्मी कंपोस्ट से अधिक हुआ उत्पादनकलेक्टर डा.सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने शुक्रवार को धमधा स्थित धान खरीद केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केद्र में धान बेचने आए किसानों से भी चर्चा भी की। किसानों ने कलेक्टर को बताया कि इस बार उन्होंने खेतों में वर्मी कमपोस्ट खाद का उपयोग किया था। इस कारण उत्पादन पिछले साल की तुलना में अधिक हुआ और फसलों में कीट व्याधि का प्रकोप भी कम रहा। कलेक्टर ने केंद्र के प्रबंधकों से धान की गुणवत्ता और व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली। प्रबंधकों ने कलेक्टर को बताया कि किसानों की संख्या के मुताबिक उन्हें धान बेचने के लिए टोकन जारी किया जा रहा है। कलेक्टर ने धान का उठाव के संबंध में भी समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने धमधा में निर्माणाधीन अस्पताल का निरिक्षण भी किया। कलेक्टर ने यहां का हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतरीन रखने के निर्देश भी दिए।

Posted By: Nai Dunia News Network

 

Related Articles

Back to top button