छत्तीसगढ़

जिलास्तरीय समारोह में दिव्यांगों को मिला आइडी और उपकरण

Publish Date: | Sat, 04 Dec 2021 11:51 PM (IST)

बलौदाबाजार। अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस तीन दिसंबर के अवसर पर जिला मुख्यालय के स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला स्तरीय समारोह हुआ। समारोह में बलौदाबाजार एसडीएम आइएएस प्रतिष्ठा ममगाई ने 85 दिव्यांगजनों को आर्थिक सहायता बैटरी चलित ट्राइसिकल, श्रवण यंत्र, यूनिक आइडी कार्ड व अध्ययनरत दृष्टिबाधित छात्र-छात्राओं को स्मार्टकेन साथ ही विशेष बस पास का वितरण किया।समारोह में एसडीएम प्रतिष्ठा ममगाई ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन दिव्यांगजनों की सामाजिक गतिशीलता को बढ़ाने और जागरूकता फैलाने में प्रभावी रहती है। शारीरिक अक्षमता इसकी प्रगति को नहीं रोक सकती। समाज कल्याण विभाग की ओर से उप संचालक आशा शुक्ला ने बताया कि कोविड-19 के प्रोटोकाल को ध्यान में रखते हुए संक्षिप्त समारोह का आयोजन किया गया है जिसमें पूर्व से चिन्हांकित दिव्यांगजनों को सहायक उपकरणों व यूनिक आइडी कार्ड का वितरण किया गया है। जिसमें निःशक्त जन विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत 17 जोड़ों को 13 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, 30 दिव्यांगजनों को यूनिक आइडी कार्ड, 3 मोटराइज्ड ट्राइसिकल, 13 श्रवण यंत्र, 1 स्मार्टकेन, एक ह्वीलचेयर व 15 दिव्यांगों को विशेष बस पास का वितरण किया गया है। इस मौके पर आरटीओ के माध्यम से दिव्यांगों के लिए विशेष बस पास शिविर का आयोजन किया गया। इसके साथ ही बलौदाबाजार विकासखंड के अंतर्गत ग्राम सोनपुरी के लोक कला मंच द्वारा दिव्यांगजनों की जागरूकता व राष्ट्रीय भाव से ओत-प्रोत गीतों की प्रस्तुति दी गई। इस लोक कला मंच की खास बात यह है कि इनके सभी कलाकार दिव्यांग है। दिव्यांगों के प्रस्तुति को देखकर एसडीएम प्रतिष्ठा ममगाई ने उत्साहवर्धन करते हुए समिति को 21 सौ रुपये नगद पुरस्कार भेंट किए। जिला उप निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र बंजारा ने सभी दिव्यांगों को उनके मताधिकार व वोट देने के लिए जागरूक किया। इस मौके पर डिप्टी कलेक्टर मिथलेश डोंडे, श्यामा पटेल समेत विभिन्ना विभागों के अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित थे।

Posted By: Nai Dunia News Network

 

Related Articles

Back to top button