छत्तीसगढ़

खास रहा अभियान, दो हथिनी में कालरिंग के बाद अभियान स्थगित

Publish Date: | Sat, 30 Oct 2021 08:42 PM (IST)

अंबिकापुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। सरगुजा रेंज के अलग-अलग वनमंडलों में विचरण कर रहे जंगली हाथियों को एक बार फिर से कालरिंग करने चलाया गया अभियान इस बार काफी सफल रहा। दस दिनों तक चले अभियान में विशेषज्ञों की टीम ने दो हथिनियों को रेडियो कालर लगाने में सफलता हासिल की। तीसरे प्रयास में घने जंगल एवं खुली जगह नहीं होने के कारण इन्हें सफलता नहीं मिली। इस अभियान की खास बात यह रही कि टीम को एक ऐसे दल की हथिनी में रेडियो कालर लगाने में सफलता मिली है जिसका विचरण क्षेत्र दो राज्यों के कई जिलों तक फैला है। इससे इस दल के हाथियों के आने-जाने व रहने के बारे में जरूरी जानकारी मिलेगी। शनिवार को यह अभियान समाप्त हो गया।भारतीय वन्य जीव संस्थान देहरादून के डा. पराग निगम, लक्ष्मीनारायण, अंकित कुमार, मनोहरण, कानन पेंडारी के पीके चंदन, स्थानीय वरिष्ठ पशु चिकित्सक डा. सीके मिश्रा के साथ तमिलनाडू एवं उत्तराखंड से आए हाथी ट्रैकर एवं स्थानीय महावत और दो कुमकी हाथियों के सहयोग से सूरजपुर जिले में 20 अक्टूबर से अभियान चलाया गया। टीम को जल्द ही सफलता मिली और उसने मोहनपुर के जंगल में नौ हाथियों के बांकी दल की एक हथिनी मैत्री को बेहोश कर उसे रेडियो कालर लगाया। इसके तीन दिन बाद बड़ी सफलता उस वक्त हाथ लगी जब सरहरी करंजवार के जंगल में गुरूघासीदास दल की एक हथिनी में कालरिंग की। यह दल दो राज्यों के कई जिलों में विचरण करता है। इस दल के एक सदस्य में कालरिंग होने से हाथी विशेषज्ञों को इनके विचरण क्षेत्र, रहवास के बारे में जरूरी जानकारी मिलेगी। शुक्रवार को टीम को अभियान के तहत एक और प्रयास किया। रघुनाथनगर एवं घुई रेंज में हाथियों के अपना दल के एक सदस्य को कालरिंग के लिए टारगेट किया था लेकिन घना जंगल एवं अनुकूल स्थल नहीं होने के कारण अभियान स्थगित करना पड़ा। सीधी से सरगुजा तक विचरण करता है दल-गुरूघासी दास दल के नौ हाथी का विचरण क्षेत्र मध्य प्रदेश के सीधी जिले से सरगुजा के वनांचल तक है। यह दल सूरजपुर जिले के तमोर पिंगला अभयारण्य से कोरिया जिले के बैकंुठपुर, सोनहत, रामगढ़, संजय गांधी टाइगर रिजर्व, प्रेमनगर, उदयपुर, लखनपुर, मैनपाट, बतौली, सलयाडीह, लुंड्रा, प्रतापपुर तक विचरण करता है। इस लिहाज से दल की हथिनी में रेडिया कालरिंग हाथी विशेषज्ञों की पहली पसंद थी। बयान-हमें जो टारगेट मिला था उसमें काफी हद तक सफल रहे। दो हथिनी में रेडियो कालर लगा दिया गया है। इसके भविष्य में अच्छे नतीजे सामने आएंगे। अब पूरे अभियान की समीक्षा कर प्रतिवेदन शासन को भेजा जा रहा है। आगे शासन से जैसा आदेश मिलेगा उसके अनुसार फिर से अभियान शुरू किया जाएगा।के. मेचियोसीएफ वाइल्ड लाइफ

Posted By: Nai Dunia News Network

 

Related Articles

Back to top button