
Publish Date: | Wed, 01 Dec 2021 12:01 AM (IST)
फिंगेश्वर। एक दिसबंर से शुरू हो रही धान खरीद के लिए मंगलवार को अंचल की सभी 9 धान खरीदी केन्द्रों में टोकन का वितरण शुरू किया गया। जहां अनेक कृषकों ने धान बिक्री में जा रही कठिनाईयों से अवगत कराया। किसानों ने बताया कि जुट के बारदानों के स्थान पर प्लास्टिके के बारदाने में धान खरीदा जाए। अनेक किसानों ने बाजार में बारदाने की कालाबाजारी यानी 35-40 रुपये में बिक्री किए जाने पर काफी रोष व्यक्त किया।कृषकों ने कहा कि वर्तमान सत्र में धान खरीदी में किसानों से जो बारदाना लिया जाएगा उसका भुगतान 30 रूपए प्रति बोरी के हिसाब से किसानों को किया जाए। उक्त राशि बेचे गए धान की राशि के साथ ही जोड़कर किसानों को दी जाए। किसानों ने धान खरीदी में टोकनों की संख्या 3 के स्थान पर 5 बार दिए जाने की मांग करते हुए कहा कि यदि किसी कारणवश किसान अपने निर्धारित टोकन दिवस पर धान नहीं विक्रय कर पाता है तो उसका टोकन निरस्त न कर उसे पुनः किसी अन्य दिवस पर जारी किया जाए।कंप्यूटर आपरेटर हड़ताल पर, खरीदी हो सकती है प्रभावित धान खरीदी केन्द्रो के कम्प्यूटर ऑपरेटर के 29 नवंबर से हड़ताल में चले जाने से धान खरीदी प्रभावित हो सकती है। 30 नवंबर को अंचल के सभी 9 धान खरीदी केन्द्र बोरसी, भसेरा, फिंगेश्वर, बेलर, बारूला, चरौदा, गुण्डरदेही, जामगांव एवं परसदाकला में कम्प्युटर ऑपरेटर की हड़ताल के बाद भी जैसे-तैसे टोकन तो बांट दिया गया, परन्तु अब 1 दिसबंर से कम्प्यूटर ऑपरेटर के बिना खरीदी हो जाना संकेत नहीं दिखता। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें विश्वास है कि 29 नवंबर से हड़ताल कर रहे कम्प्यूटर ऑपरेटर के स्थान पर शीघ्र ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था शासन द्वारा की जाएगी। कम्प्युटर ऑपरेटरों ने बताया कि हमारी मात्र 2 मांगे हैं। पहली 12 महीने का पूरा वेतन एवं नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठ कर्मचारी का दर्जा दिया जाए।समितियों में टोकन लेने के लिए उमड़ी भीड़मैनपुर क्षेत्र के धान उपार्जन केन्द्र शोभा, बम्हनीझोला, उरमाल, गोहरापदर, धौराकोट, ढोढर्रा, सीनापाली, तेतलखंटी, झरगांव, अमलीपदर, मुडगेलमाल, भेजीपदर, खोखमा, मैनपुर, जिडार, धान खरीदी केन्द्रों में खरीदी की तैयारियां पूर्ण किया जा चुका है और बुधवार को समितियों द्वारा कांटा तौल का पूजा अर्चना कर विधिवत खरीदी का शुभारंभ किया जायेगा। आज खरीदी के एक दिन पूर्व सहकारी समितियों में धान बेचने टोकन के लिये किसानो की भीड़ उमड़ पड़ी जहां किसानो को भारी परेशानियों का सामना करते हुए अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। टोकन मिलने से किसानों के चहरे में खुशी देखने को मिली क्योंकि इस वर्ष दशहरा पर्व से लेकर दीपावली पर्व तक क्षेत्र के अधिकांश किसान धान की कटाई और मिजाई कर चुके हैं, साथ ही अपने धान के फसल को अपने घरो में सहेजकर रखे हुए हैं। प्रबंधक दिनेश कमलेश ने बताया कि मंगलवार को मैनपुर क्षेत्र के सहकारी सोसाइटियों में किसानों को टोकन मिलना प्रारंभ हो गया है। बुधवार एक दिसंबर से विधिवत पूजा अर्चना कर खरीदी प्रारंभ किया जायेगा।
Posted By: Nai Dunia News Network