छत्तीसगढ़

किसानों को करना पड़ेगा बारदाने का जुगाड़

Publish Date: | Tue, 16 Nov 2021 12:00 AM (IST)

कांकेर । शासन के निर्देशानुसार जिले में एक दिसंबर से धान खरीदी शुरू हो जाएगी। पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी अपने मेहनत की उपज की बिक्री के लिए किसानों को बारदाने का जुगाड़ करना होगा। बारदाने की कमी के चलते इस बार धान खरीदी के शुरूआत से ही किसानों से 25 से 30 प्रतिशत बारदाने लिए जाएंगे।इस वर्ष 34 लाख क्विंटल धान की खरीदी करने का लक्ष्य रखा गया है। जो पिछले वर्ष की गई धान की खरीदी से लगभग 16 प्रतिशत अधिक है। जिले में पिछले वर्ष समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का लक्ष्य 2932000 क्विंटल था और लक्ष्य से अधिक 2965182 क्विंटल धान की खरीदी की गई थी। वहीं इस वर्ष धान खरीदी का लक्ष्य 3459480 क्विंटल निर्धारित किया गया है। जो पिछले वर्ष समर्थन मूल्य पर की गई धान खरीदी से 16.67 प्रतिशत अधिक है। लक्ष्य के अनुसार इस बार धान खरीदी का कार्य के लिए जिले में 86 लाख से अधिक बारदानों की आवश्यकता होगी। जिनमें 2220500 नया जूट का बारदाना उपलब्ध करा दिया गया है॥ इसके अलावा पीडीएस दुकानों से भी 942500 बारदाना प्राप्त हो चुका है। बताया जा रहा है कि शासन के निर्देशानुसार इस वर्ष धान खरीदी के प्रारंभ से ही 25 से 30 प्रतिशत बारदाना किसानों से लिये जाएंगे और 70 से 75 प्रतिशत बारदाना मारफेड द्वारा प्रदान किया जाएगा। जिससे किसानों को एक बार फिर धान की बिक्री के लिए बारदाने की व्यवस्था करनी होगी। धान का अवैध परिवहन रोकने बनाए गए 12 चेकपोस्ट समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान जिले में धान का अवैध परिवहन रोकने के लिए जिले में 12 चेकपोस्ट बनाए गए हैं। जिनके माध्यम से धान के अवैध परिवहन को रोका जा सकेगा। कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया है। धान खरीदी की तैयारियों और धान के अवैध परिवहन की रोकथाम को लेकर सोमवार को कलेक्टर चंदन कुमार व पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में अधिकारियों को दूसरे राज्य व अन्य जिलों से धान के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए अभी से निगरानी करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया। मण्डी सचिवों को भी सक्रिय होकर कार्य करने और लगातार निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। धान के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिले में 12 चेक पोस्ट बनाये गये हैं, जिनमें भानुप्रतापपुर तहसील में कच्चे, दुर्गूकोंदल में दमकसा, नरहरपुर में सुरही, साल्हेटोला व बासनवाही, चारामा में हल्बा, पुरी व माहुद, अंतागढ़ में अंतागढ़ व ताड़ोकी, कोयलीबेड़ा में गोण्डाहुर व बड़गांव में जांच नाका बनाया गया है। साथ ही पखांजूर तहसील में मायापुर व मरोड़ा में भी चेक पोस्ट बनाये जाएंगे। सभी चेक पोस्ट में अधिकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी मैदानी अधिकारी कर्मचारियों को धान खरीदी शुरू होने पर पूरी व्यवस्था पर विशेष नजर रखने के लिए निर्देशित किया गया है।अति संवेदनशील केंद्रों में लगाए जाएंगे सीसी टीवी बैठक में कलेक्टर ने धान खरीदी की तैयारी को लेकर आवश्यक निर्देश अधिकारियों को दिए। जिसमें धान खरीदी के लिए बारदाना, नाप-तौल मापक यंत्र, कम्प्यूटर, प्रिंटर, टैबलेट खरीदी केन्द्रों में विद्युत, किसानों के लिए छांव व पानी की व्यवस्था इत्यादि सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए गए। साथ ही अति संवेदनशील केंद्रो में सीसी टीवी कैमरा भी लगाया जाएंगे। कलेक्टर चन्दन कुमार ने एसडीएम व तहसीलदारों को रकबा सत्यापन करने के लिए निर्देशित करते हुए कहा कि कोई भी पात्र किसान धान विक्रय से वंचित न हो।

Posted By: Nai Dunia News Network

 

Related Articles

Back to top button