छत्तीसगढ़

किराये पर मिक्सचर मशीन लेकर दबाया, प्राथमिकी दर्ज

Publish Date: | Sun, 31 Oct 2021 09:24 PM (IST)

भिलाई (नईदुनिया प्रतिनिधि)। एक फर्म के नाम पर इकरारनामा बनाकर तीन शातिरों ने लाखों रुपये की मिक्सचर मशीन का गबन किया है। आरोपितों ने एक मकान बनाने वाली कंपनी की संचालिका से उसके दोनों मिक्सचर मशीन को किराये पर लिया। दोनों गाड़ियों का एक-एक महीने का किराया एडवांस के तौर पर चेक के रूप में दिया। शिकायतकर्ता ने चेक को बैंक में लगाया तो वो बाउंस हो गया। जब उसने आरोपितों से संपर्क करने का प्रयास किया तो उनसे बात नहीं हो सकी और न ही उनके बारे में कुछ पता चला। इसके बाद शिकायतकर्ता ने सुपेला थाना में शिकायत की। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ अमानत में खयानत की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।पुलिस ने बताया कि नेहरू नगर निवासी शिकायतकर्ता नीलम लुंबा वीकेएल बिल्डकान प्रायवेट लिमिटेड नाम की कंपनी का संचालन करती है। सात सितंबर को तीन लोग त्रिशित सेन, मदन प्रसाद और बृजकिशोर दास शिकायतकर्ता के घर पर पहुंचे। तीनों ने खुद को एसपी कंट्रक्शन का अधिकारी बताते हुए शिकायतकर्ता से उसकी दोनों मिक्सचर मशीन को किराये पर मांगा। शिकायतकर्ता ने एक लाख 10 हजार रुपये प्रति महीने के हिसाब से अपनी दोनों मशीनें आरोपितों को दे दी। आरोपितों ने एडवांस के रूर में उसे दो लाख 20 हजार रुपये का चेक दिया और दोनों मशीन लेकर चले गए। आरोपितों के जाने के बाद शिकायतकर्ता ने चेक को बैंक में जमा किया तो वो बाउंस हो गया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने आरोपितों से संपर्क किया तो उसकी तीनों से में से किसी से भी बात नहीं हो सकी और न ही आरोपितों का पता चला। शिकायतकर्ता की दोनों मशीनों के बारे में भी किसी को कोई जानकारी नहीं है। दोनों मशीन की कीमत करीब 70 लाख रुपये है। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि आरोपितों ने फर्जी इकरारनामा तैयार कर उसकी मशीनों को किराये पर लेकर कहीं बेच दी है। इस पर सुपेला पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ अमानत में खयानत की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की पतासाजी शुरू की है।

Posted By: Nai Dunia News Network

 

Related Articles

Back to top button