छत्तीसगढ़

कांग्रेस ने जनजागरण पदयात्रा में गिनाई मोदी सरकार की विफलता

Publish Date: | Mon, 29 Nov 2021 11:53 PM (IST)

मैनपुर। विकासखंड मैनपुर में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ जन जागरण पदयात्रा का आयोजन का क्रम जारी है। सोमवार को जनजागरण पदयात्रा की शुरुआत ब्लाक मुख्यालय मैनपुर से हुई जो पैरी उद्गम स्थल भाठीगढ़ में जाकर समाप्त हुई। जिसमें केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली गई और भाजपा गद्दी छोड़ो के नारे लगाए।ब्लाक कांग्रेस कमेटी मैनपुर के नेतृत्व में ब्लाक मुख्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में झंडे व तख्तियां लेकर मुख्य मार्ग से होते हुए ब्लाक मुख्यालय मैनपुर से भाठीगढ़ तक रैली निकाली। इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष संजय नेताम ने कहा कि रिकार्ड महंगाई से लोग परेशान हैं, रोजगार के अवसर उपलब्ध नहीं है। महिला सुरक्षा के प्रति केंद्र सरकार विफल है। रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। पेट्रोल डीजल के दामों में हुई बेतहाशा वृद्घि के कारण अन्य आवश्यक वस्तुओं के परिवहन का खर्चा बढ़ गया है जिसके कारण महंगाई रिकार्ड स्तर पर पहुंच गई है। सरकार को आमजन की समस्याओं से लेना देना नहीं है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता हेमसिंह नेगी ने किसानों की समस्याओं पर कहा कि काले कृषि कानूनों को लेकर किसान आज भी आंदोलनरत है, किसान प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज दबाई जा रही है। अब वो दिन दूर नहीं जब किसान और अभी वर्ग के लोग लोकतंत्र की ताकत से इस तानाशाही सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव ने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह फेल हो रही है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। युवा बेरोजगार हैं अब कांग्रेस के नेतृत्व में केंद्र सरकार को करारा जवाब देने का समय आ गया है। ब्लाक कांग्रेस उपाध्यक्ष नजीब बेग ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने खाने का तेल, रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल, खाद, बीज, दवाइयां, रेल का किराया सभी महंगा कर दिया है। किसानों का अनाज सस्ते में खरीदा जा रहा है किसानों को फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य भी नहीं मिल रहा है जिससे किसान कर्ज में डूब रहा है। युवा नेता गुंजेश कपिल ने कहा कि मोदी राज में सभी वर्ग किसान, व्यापारी, गृहणी, छात्र- छात्राएं, अमीर, गरीब सभी वर्ग परेशान हैं। महंगाई ने आमजन के मुंह का निवाला छीनने का काम किया है।

Posted By: Nai Dunia News Network

 

Related Articles

Back to top button