Publish Date: | Sun, 14 Nov 2021 12:02 AM (IST)
मैनपुर। बिंद्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता जनक ध्रुव को आदिवासी कांग्रेस छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद शुक्रवार को वे गरियाबंद मैनपुर क्षेत्र पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह गाजे-बाजे आतिशबाजी के साथ ध्रुव का स्वागत किया। लगभग एक किलोमीटर तक पैदल रैली निकालकर कांग्रेस नेताओं ने नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आदिवासी कांग्रेस के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष जनक ध्रुव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा। राज्य में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में तेजी से विकास कार्य हो रहा है, समाज के सभी वर्गो की उन्नाति और खुशहाली के लिए प्रदेश के कांग्रेस सरकार हर तरह की योजना बनाकर लोगों को लाभ पहुंचा रही है। ध्रुव ने कहा कि किसी भी पार्टी की ताकत और उसकी असली पूंजी कार्यकर्ता होते हैं, कार्यकर्ता ही घर घर जाकर पार्टी के लिए कार्य करते हैं। भूपेश बघेल सरकार ने तीन साल में ऐसे महत्वपूर्ण कार्य किए हैं जो भाजपा ने 15 साल में नहीं किया। ध्रुव ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूरी ताकत और ऊर्जा के साथ भूपेश बघेल सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं। आदिवासी कांग्रेस के गरियाबंद जिलाध्यक्ष खेदू नेगी ने कहा कि प्रदेश के कांग्रेस सरकार आदिवासी समाज के विकास और उन्नाति के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस मौके पर गोसेवा आयोग के सदस्य अटल बिहारी यादव, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष भोला जगत, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण धुव, डीके ठाकुर, कांग्रेस के प्रदेश प्रतिनिधि हेमसिंह नेगी, आदिवासी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष खेदू नेगी, जन्मजय नेताम, युवा कांग्रेस अध्यक्ष शाहिद मेमन, कमार विकास अभिकरण के सदस्य पिलेश्वर सोरी, ब्लाक कांग्रेस अमलीपदर अध्यक्ष ललिता यादव, ब्लाक कांग्रेस देवभोग अध्यक्ष भुपेन्द्र मांझी आदि मौजूद थे।
Posted By: Nai Dunia News Network