छत्तीसगढ़

छात्र को वाहन ने कुचला, विरोध में हाईवे जाम

Publish Date: | Sat, 30 Oct 2021 06:47 AM (IST)

मैनपुर। मैनपुर से लगभग 13 किमी दूर धवलपुर के आगे मुख्य नेशनल हाईवे मार्ग पर शुक्रवार को स्कूल जाते समय एक छात्र को मेटाडोर ने रौंद दिया। मौके पर ही छात्र की मौत हो गई। इस हादसे के बाद गुस्साए छात्र-छात्राओं व ग्रामीणों ने मुख्य नेशनल हाईवे मार्ग को घंटों जाम कर दिया। गरियाबंद व मैनपुर से पहुंचे अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया और आश्वासन दिया, इसके बाद ग्रामीण जैसे तैसे शांत हुए और मार्ग को बहाल किया।जानकारी के अनुसार मोहदा निवासी रितिक रोशन नेताम अपने गांव चिंदाभाठा घटौद से पढ़ने धवलपुर स्कूल आ रहा था। इसी बीच मुख्य नेशनल हाईवे मार्ग पर धवलपुर के आगे मार्ग पर एक मेटाडोर माजदा सीजी 04 एचएक्स 5046 गरियाबंद की ओर से दूसरे वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में तेज रफ्तार से मैनपुर की ओर आ रहा था कि मुख्य मार्ग पर छात्र को जोरदार टक्कर माते हुए अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में रितिक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और धवलपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंचे। जिसके बाद मैनपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए गरियाबंद भेजा। 10वीं पढ़ता था रितिक रोशन : मैनपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रितिक रोशन नेताम कक्षा 10वीं का छात्र था और रोजाना अपनी साइकिल से अन्य छात्र-छात्राओं के साथ 15 किमी दूर धवलपुर हाई स्कूल पढ़ने आता था। धवलपुर से चिंदाभाठा की दूरी अधिक होने के कारण यहां के ग्रामीण हाई स्कूल की मांग लंबे समय से करते आ रहे है। दर्दनाक सड़क हादसे के बाद गुस्साएं लोगों व स्कूली छात्र-छात्राओं ने नेशनल हाईवे को जाम कर दिया और दोषी चालक पर कार्रवाई की मांग करते रहे। चिंदाभाटा घटौद में हाईस्कूल की मांगछात्रों व पालकों ने शासन-प्रशासन से चिंदाभाठा घटौद में हाई स्कूल खोलने की मांग भी करते मुख्य मार्ग पर बैठे रहे। गरियाबंद व मैनपुर से पहुंचे अधिकारियों द्वारा लगातार समझाइश व आश्वासन देने के बाद ग्रामीण जैसे तैसे शांत हुए और मार्ग को बहाल किया गया। घटना के बाद उसके गांव में मातम पसर गया वहीं स्कूल में भी उनके प्रति शोक संवेदना प्रकट की गई।———- आरोपित चालक को हिरासत में लेकर धारा 304 ए के तहत मामला पंजीबद्ध कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है। -वेदवति दरियो, थाना प्रभारी मैनपुर

Posted By: Nai Dunia News Network

 

Related Articles

Back to top button