
धमतरी / कलेक्टर पी.एस. एल्मा ने आज दोपहर को धान खरीदी केन्द्रों में प्रारम्भिक तैयारियों का लेकर नोडल अधिकारियों, सहकारी बैंकों एवं समिति प्रबंधकों की बैठक ली, जिसमें आवश्यक सुविधाओं एवं उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज दोपहर दो बजे से आयोजित बैठक में कलेक्टर ने जिले के सभी 89 धान उपार्जन केन्द्रों में सभी प्रकार की जरूरी सामग्रियों एवं तकनीकी व गैर तकनीकी साधनों और संसाधनों की पर्याप्त संख्या में उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया।
इस दौरान उन्होंने निर्धारित 34 बिन्दुआंे पर चेकलिस्ट के आधार पर सभी केन्द्रों का सघन निरीक्षण कर खरीदी केन्द्रवार लिस्टिंग करने के भी निर्देश दिए। उपार्जन केन्द्रों में स्वच्छता, फेंसिंग, विद्युत व्यवस्था, कम्प्यूटर सेट, प्रिंटर, यूपीएस, जनरेटर की उपलब्धता, इंटरनेट कनेक्शन, आर्द्रतामापी यंत्र, कांटा-बाट, बारदानों की उपलब्धता सहित उपलब्ध चबूतरों की संख्या, डाटा एंट्री ऑपरेटर, केन्द्रों में बफर लिमिट की मात्रा, डनेज एवं तारपोलिन की व्यवस्था, प्राथमिक उपचार पेटी, पेयजल की व्यवस्था, मूल्य प्रदर्शन हेतु बैनर-पोस्टर, फड़ में भण्डारण के लिए उपलब्ध रकबा सहित सभी 34 बिन्दुओं पर जानकारी का भौतिक सत्यापन कर प्रतिवेदन तैयार करने के निर्देश कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों को दिए।
इसके अलावा समिति प्रबंधकों को अन्य प्रकार छोटी-मोटी एवं व्यावहारिक समस्याओं से नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए भी निर्देशित किया। बैठक में खाद्य अधिकारी ने खरीदी केन्द्रों के प्रबंधन के संबंध में शासन से जारी निर्देशों के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर अपर कलेक्टर दिलीप अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर ऋषिकेश तिवारी सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं धान खरीदी से संबंधित अभिहित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।




