
Publish Date: | Tue, 30 Nov 2021 12:04 AM (IST)
सुकमा। खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 के लिए आगामी एक दिसंबर से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की शुरुआत की जाएगी। इसके लिए जिले में सारी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। कलेक्टर विनीत नंदनवार ने आज छिंदगढ़ ब्लाक अंतर्गत धान खरीदी केंद्र छिंदगढ़, कोडरीपाल, पुसपाल, तोंगपाल, कुकानार, कुंदनपाल, बिरसठपाल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर नंदनवार ने नवीन धान उपार्जन केंद्र कुंदनपाल और बिरसठपाल में विभिन्नाा आधारभूत व्यवस्थाओं का अवलोकन कर धान खरीदी की समुचित व्यवस्था शीघ्र पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने निरीक्षण के दौरान धान खरीदी स्थल की पर्याप्त उपलब्धता, चबूतरों के स्थिति, एकत्रित बारदानों के साथ ही उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी के लिए तराजू की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने नोडल अधिकारियों को उपार्जन केंद्र में पहुंचने वाले कृषकों को व्यवस्थित रूप से टोकन वितरण एवं क्रमानुसार धान की खरीदी के लिए निर्देशित किया है। ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सुव्यवस्थित तरीके से धान खरीदी की जा सकें।इस वर्ष जिले के पुराने 16 सहित दो नवीन धान उपार्जन केंद्रों कुल 18 के माध्यम से धान खरीदी की जाएगी। जिले में पंजीकृत कृषकों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए ग्राम कुंदनपाल एवं बिरसठपाल में नवीन धान खरीदी केंद्र स्थापित किए गए हैं। सोमवार को कलेक्टर विनीत नंदनवार ने धान खरीदी केंद्र का अवलोकन कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने धान खरीदी के लिए बारदानों की व्यवस्था के साथ ही कोविड संक्रमण की तीसरी लहर को ध्यान में रखते हुए खरीदी के समय संक्रमण के रोकथाम के लिए समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पालन किए जाने के निर्देश दिए।
Posted By: Nai Dunia News Network



