छत्तीसगढ़

धारदार हथियार से वार कर डायल 112 के चालक की हत्या

Publish Date: | Sat, 27 Nov 2021 12:14 AM (IST)

अंबिकापुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। सरगुजा पुलिस के डायल 112 के चालक सोनू लाल यादव 26 वर्ष की धारदार हथियार से वार कर हत्या दी गई है। अंबिकापुर से लगे ग्राम सुंदरपुर के समीप सड़क किनारे उसका शव मिला। उसकी कनपटी के पास धारदार हथियार से वार किया गया था। नजदीक ही उसकी मोटरसाइकिल भी खड़ी थी। हत्या की वजह और हत्यारों का अभी तक सुराग नहीं लग सका है। पुलिस टीम जांच पड़ताल में लगी हुई है।मणिपुर पुलिस चौकी में शुक्रवार की सुबह गांववालों के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम सुंदरपुर में सड़क किनारे युवक का शव पड़ा हुआ है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, सीएसपी पुष्कर शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। शव औंधे मुंह पड़ा हुआ था। शव के पास खून बिखरा था। कनपटी के पास गहरे जख्म थे। मृतक ने नक्सल आपरेशन में उपयोग किया जाने वाला गणवेश धारण किया था। थोड़ी ही देर में शव की पहचान सोनू लाल यादव पिता कुंज बिहारी यादव के रूप में हुई। वह डायल 112 का वाहन चालक था। अंबिकापुर में उसकी ड्यूटी रहती थी। वह आउटसोसिर्ग एजेंसी के माध्यम से डायल 112 में सेवा दे रहा था। सुंदरपुर गांव में उसके कोई रिश्तेदार भी नहीं रहते थे। वह किसके साथ और किस उद्देश्य से वहां गया था, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस टीम ने कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया है। पूछताछ की जा रही है।गुरुवार को अवकाश था मृतक का-पुलिस जांच में पता चला कि गुरुवार को उसका अवकाश था। वह ड्यूटी पर नहीं आया था। गुरुवार शाम को भी उसे देखा गया था। उसके अगल-बगल के घरों में रहने वालों से पूछताछ कर सुराग जुटाने की कोशिश हो रही है। सूचना पर उसके स्वजन भी अंबिकापुर पहुंच गए थे। उनसे भी पुलिस पूछताछ कर वजह जानने का प्रयास कर रही है।अकेले किराए के मकान में रहता था मृतक-मृतक सोनू लाल यादव मूलतः सूरजपुर जिले के केशवपुर का रहने वाला था। वह अंबिकापुर के गांधीनगर क्षेत्र में किराए के मकान में अकेले ही रहता था। अंबिकापुर शहरी क्षेत्र में डायल 112 वाहन चलाने का काम करता था। वह गुरुवार को ही बाइक लेकर घर से निकला था। बाइक घटनास्थल के नजदीक ही मिली है।हत्या की वारदातों में वृद्धि-सरगुजा जिले में इन दिनों हत्या की वारदात बढ़ गई है। पिछले दिनों लखनपुर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के बाद दरिमा इलाके में पिता-पुत्र की हत्या की गई थी। इसी थाना क्षेत्र में युवती की हत्या कर शव को जला दिया गया था। पारिवारिक कारणों से भी हत्या की घटनाएं हुई है हालांकि सभी मामलों में आरोपितों को पकड़ा जा चुका है।गुरुवार शाम को मृतक को मोटरसाइकिल के साथ कुछ लोगों ने देखा था। शव के नजदीक ही उसकी मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमों को जांच में लगाया गया है।विवेक शुक्ला, एएसपी,सरगुजा

Posted By: Nai Dunia News Network

 

Related Articles

Back to top button