
Publish Date: | Sun, 21 Nov 2021 12:04 AM (IST)
भाटापारा। छत्तीसगढ़ ने स्वच्छता के क्षेत्र में अपना परचम लहराते हुए देश के स्वच्छतम राज्य के अपने दर्जे को बरकरार रखते हुए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। छत्तीसगढ़ को न सिर्फ राज्य के रूप में, बल्कि यहां के 67 शहरी निकायों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द के हाथों अवार्ड ग्रहण किया। इस सम्मान समारोह में प्रदेश के सर्वाधिक 67 नगरीय निकायों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विभिन्ना श्रेणियों में पुरस्कार दिए गए हैं। इसी क्रम में भाटापारा नगर पालिका को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। भाटापारा नगर पालिका की अध्यक्ष सुनीता गुप्ता ने दिल्ली में राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द के हाथों स्वच्छता अवार्ड ग्रहण किया। भारत सरकार के आवासन व शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा हर साल देश के समस्त शहरों व राज्यों के मध्य स्वच्छ सर्वेक्षण का आयोजन किया जाता है। इसमें विभिन्ना मापदंडों के अंतर्गत शहरी स्वच्छता का आकलन किया जाता है। मुख्य रूप से घर-घर से कचरा एकत्रीकरण, कचरे का वैज्ञानिक रीति से निपटान, खुले में शौच मुक्त शहर, कचरा मुक्त शहर आदि का थर्ड पार्टी के माध्यम से आकलन करते हुए नागरिकों के फीडबैक को भी इसमें शामिल किया जाता है। इसी आधार पर शहरों की रैंकिंग जारी कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शहरों को पुरस्कृत किया जाता है। ———कसडोल नपं को मिला तीसरा स्थान अध्यक्ष व सीएमओ ने लिया सम्मानकसडोल। दिल्ली में आयोजित अमृत महोत्सव अंतर्गत स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर पंचायत कसडोल को तीसरा स्थान मिला है। दिल्ली में नपं कसडोल के अध्यक्ष और सीएमओ को सम्मानित किया गया है। ज्ञात हो कि विगत कई वर्षों से नगर की साफ सफाई व्यवस्था सुदृढ़ होने के कारण नपं कसडोल को यह सम्मान दिया गया है। नपं अध्यक्ष नीलू चंदन साहू ने बताया कि नपं के कर्मियों द्वारा सफाई व्यवस्था पर उत्कृष्ट कार्य से नगर में साफ सफाई का कार्य लगातार चल रहा है। इसी के मद्देनजर ही नपं कसडोल का सम्मान दिल्ली में किया गया। जिसमें नपं अध्यक्ष और सीएमओ को सम्मानित किया गया है।
Posted By: Nai Dunia News Network