
Publish Date: | Sat, 20 Nov 2021 12:03 AM (IST)
नवापारा-राजिम। गुरुनानक देव की 552वीं जयंती प्रकाश पर्व पर नवापारा में पूज्य सिंध पंचायत व सिख अनुयायियों ने शुक्रवार शाम भव्य शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा की अगुवाई पंज प्यारों ने की। डीजे धुमाल व शानदार लाइटिंग व फूलों की सजावट के साथ निकली इस विशाल शोभायात्रा को लोग निहारते रहे। कोरोना काल के चलते गत वर्ष यह शोभायात्रा स्थगित रही जिसके चलते इस बार काफी भीड़ इस शोभायात्रा में देखने को मिली। शोभायात्रा में आगे आगे पंज प्यारे चल रहे थे तो उनके पीछे गुरु गं्रथ साहिब का रथ चल रहा था। वहीं समाज के युवा, पुरुष व महिलाएं गुरु कीर्तन व नाचते गाते झूमते चल रहे थे। शोभायात्रा की आकर्षण का एक केंद्र यह था कि गुरु ग्रंथ साहिब की पालिका जहां से गुजर रही थी उसके आगे समाज के सेवादार महिला, पुरुष, झाड़ू लगाकर साफ करते चल रहे थे और वहां फूलों की वर्षा की जा रही थी। वहीं रास्ते भर बाबा के भक्तों ने इस शोभायात्रा का स्वागत किया। प्रकाश पर्व को लेकर सामाजिक जनों द्वारा गोपाष्टमी से लेकर गुरुनानक जयंती तक प्रतिदिन अल सुबह से प्रभात फेरी निकाली जा रही है। जिसमें भी बड़ी संख्या में समाज के बच्चे, बड़े-बुजुर्ग महिला पुरुष सम्मिलित होते थे। वहीं नगर के गंज मार्ग को झालर लाइटिंग से दुह्लन की तरह सजाया गया था जिसकी सुंदरता दो देखते ही बनती थी। जयंती दिवस पर सुबह से ही गंज रोड स्थित सिंधी गुरुद्वारा में गुरु कीर्तन का आयोजन किया गया जो दोपहर तक चला और बाद में आम लंगर की व्यवस्था की गई थी।
Posted By: Nai Dunia News Network



