छत्तीसगढ़

लाडले शहीद विप्लव, अनुजा और अबीर को नम आंखों से दी जाएगी अंतिम विदाई

Publish Date: | Mon, 15 Nov 2021 12:36 AM (IST)

रायगढ़ (नईदुनिया प्रतिनिधि)। मणिपुर के चुराचन्दपुर जिला अंतर्गत ग्राम सियालसी के समीप शनिवार की सुबह हुए उग्रवादी हमले में शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी का पार्थिव शरीर सोमवार को सुबह रायगढ़ पहुंचेगा। उसके साथ ही शहीद विप्लव की पत्नी अनुजा और पुत्र अबीर के शव को भी लाया जाएगा। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार सेना का विशेष विमान सोमवार को रायपुर से पार्थिव शरीर को लेकर रायगढ़ के लिए रवाना होगा और जिंदल हैलीपैड पहुंचेगा, यहां से किरोड़ीमल कालोनी स्थित निवास लाया जाएगा। यहां परंपरानुसार विधि-विधान के अनुसार क्रिया कर्म किया जाएगा। इसके बाद रामलीला मैदान में आमजन पार्थिव देह का दर्शन कर श्रद्घाजंलि अर्पित कर सकेंगे। रामलीला मैदान में अंतिम दर्शन के बाद सत्तीगुड़ी चौक, स्टेशन चौक, श्याम टाकीज, सुभाष चौक, न्यू मार्केट, मंदिर चौक, कोष्टा पारा से पुत्री शाला होते हुए गद्दी चौक, हटरी चौक से गांजा चौक, चांदनी चौक होते हुए मुक्ति धाम अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद सर्किट हाउस रोड स्थित मुक्ति धाम में राजकीय सम्मान के साथ सैन्य अफसर, पुलिस-प्रशासनिक के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और आमजनों की उपस्थिति में अंतिम संस्कार किया जाएगा। कर्नल को श्रद्घांजलि देने उनके स्वजन के साथ सहपाठी, मित्रों के भी रायगढ़ आने की सूचना है। असम राइफल्स के पांच सीनियर अफसर और 50 जवान आएंगे रायगढ़ : शहीद कर्नल को श्रद्घांजलि देने मणिपुर से फौजियों की एक टुकड़ी आ रही है। इसमें असम राइफल्स के पांच सीनियर अफसर और 50 जवान शामिल हैं। सोमवार को कर्नल विप्लव त्रिपाठी का पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। इसके लिए जिला कलेक्टर भीम सिंह के नेतृत्व में जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई है। सांसद गोमती ने शोकाकुल परिवार को दी सांत्वना स्थानीय सांसद गोमती साय ने शहीद विप्लव त्रिपाठी के घर पहुंचरकर उनके पिता सुभाष त्रिपाठी और माता आशा त्रिपाठी से मुलाक़ात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने शहीद विप्लव के साथ उनकी पत्नी अनुजा और पुत्र अबीर को श्रद्घांजलि अर्पित की। इस दौरान सांसद के साथ पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, गुरुपाल सिंह भल्ला, जगन्नााथ पाणिग्राही, उमेश अग्रवाल, सुभाष पाण्डेय, श्रीकान्त सोमावार, विवेक रंजन सिन्हा, आलोक सिंह, पवन शर्मा, बब्बल पाण्डेय, रविन्द्र भाटिया, मनोहर पटेल, पूनम सोलंकी, अनिता अग्रवाल, जीवन पटेल, लक्ष्मी पटेल, श्याम भोजवानी, निकुंज शर्मा, अनुपम पाल, कौशलेश मिश्रा, अर्जुन डनसेना, मंजुलता नायक, शोभा शर्मा, सविता उपाध्याय भी थे।

Posted By: Nai Dunia News Network

 

Related Articles

Back to top button