
Publish Date: | Fri, 12 Nov 2021 11:48 PM (IST)
महासमुंद। खरीफ वर्ष 2021-22 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन अवधि के दौरान सीमावर्ती राज्य एवं अन्य राज्यों से अवैध रूप से राज्य के धान उपार्जन केंद्रों में विक्रय के लिए आने वाले अवैध धान परिवहन की रोकथाम एवं कार्रवाई के लिए महासमुंद जिले में 17 जांच चौकी (चेक पोस्ट) बनाए गए हैं। इन सभी चेकपोस्टों पर खासकर पड़ोसी राज्यों से धान के अवैध परिवहन पर कड़ाई से अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर डोमन सिंह ने जिले की बनाई गई सभी जांच चौकियों पर प्रभारी अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ड्यूटी संबंधी आदेश कार्यालय कलेक्टर खाद्य शाखा महासमुंद से जारी कर दिए हैं। प्रदेश में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी आगामी एक दिसंबर से प्रारंभ हो रही है। छत्तीसगढ़ में इस वर्ष किसानों से समर्थन मूल्य पर लगभग एक लाख से ज्यादा मैट्रिक टन धान खरीदने का अनुमान है।बनाई गई जांच चौकियों में सरायपाली में पांच इनमें बंजारी, पालीडीह सिरपुर, पझरापाली, जंगलबेड़ा एवं छिबर्रा, बसना तहसील में चार चौकियां इनमें गढ़फुलझर, पलसापाली, केरामुड़ा एवं साल्हेझरिया है। इसी तहर पिथौरा में तीन कटंगतराई, छोटेलोरम एवं चरोदा जांच चौकी में ड्यूटी लगाई गई है। बागबाहरा तहसील में पांच चौकियां टेमरी, नर्रा, खेमड़ा, खट्टी एवं रेवा में प्रभारी अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कलेक्टर सिंह ने राज्य शासन खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्रालय के निर्देशानुसार इन सभी चेकपोस्टों पर कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने और धान का अवैध परिवहन करने वाले पर कठोरता से कार्रवाई करने कहा है। उन्होंने कहा कि जिले के किसी भी किसान को धान परिवहन के दौरान किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Posted By: Nai Dunia News Network