छत्तीसगढ़

15 वार्डों के लिए गिनती के सफाईकर्मी

Publish Date: | Mon, 01 Nov 2021 09:06 PM (IST)

रामानुजगंज (नईदुनिया न्यूज)। नगर पंचायत क्षेत्र में करीब 25 हजार की आबादी है वही नगर पंचायत के 15 वार्डो के लिए मात्र 25 सफाई कर्मी है जिससे शहर की सफाई व्यवस्था बड़ी चुनौती है। ऐसे में नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल एवं सीएमओ दीपक एक्का के नेतृत्व में लगातार सफाई व्यवस्था को लेकर कार्य किया जा रहा है। समय-समय पर जनप्रतिनिधि एवं नगर पंचायत के अधिकारी खुद झाड़ू उठा कर सफाई व्यवस्था में भिड़े दिखते हैं। दीपावली, छठ को लेकर विशेष साफ सफाई अभियान पूरे नगर में चलाया जा रहा है।पहले नगर पंचायत को सिर्फ शहर के बीचो बीच एवं कुछ वार्डो में ही साफ सफाई कराए जाने की आवश्यकता पड़ती थी परंतु बीते कुछ वषोर् में नगर की जनसंख्या तेजी से बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में नगर पंचायत के सामने सफाई व्यवस्था को सीमित संसाधन में दुरुस्त रखना बड़ी चुनौती साबित हो रही है। सफाई कर्मी बढ़ाने की जरूरत- बलरामपुर रामानुजगंज जिले के सबसे बड़े नगर रामानुजगंज में सफाई कर्मियों की कमी बड़ी समस्या है। सफाई कर्मियों की कमी के कारण कई बार सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होते रहते हैं। कई बार सफाई कर्मियों की अनुपस्थिति की स्थिति में पूरे नगर की सफाई व्यवस्था गड़बड़ा जाती है। सीएमओ संभाल रहे व्यवस्था-सीएमओ दीपक एक्का प्रतिदिन े नगर पंचायत अमले के साथ नगर की सफाई व्यवस्था की कमान खुद संभालते हैं। जहां से भी सफाई व्यवस्था को लेकर समस्या आती है तत्काल उसका मौके पर ही निराकरण होता है। समय-समय पर सीएमओ नगर पंचायत के अमले के साथ खुद सफाई व्यवस्था में भिड़े रहते हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने बताया कि पहले जहां काफी कम क्षेत्र में सफाई किए जाने की आवश्यकता पड़ती थी वहीं अब क्षेत्र काफी बढ़ गया है। ऐसे में मात्र 25 सफाई कर्मी काफी कम है। उसके बावजूद भी हम लोग सफाई व्यवस्था को लेकर पूर्णता सजग हैं।

Posted By: Nai Dunia News Network

 

Related Articles

Back to top button