
Publish Date: | Sat, 30 Oct 2021 02:11 AM (IST)
राजनांदगांव। लालबाग थाना क्षेत्र के ग्राम करमतरा में सामूहिक आत्महत्या के मामले में पुलिस घरवालों का बयान लेगी। पुलिस को पोस्ट मार्टम की शार्ट रिपोर्ट मिल गया है। जिस पर पुलिस घटना को आत्महत्या ही बता रही है। हालांकि घटना स्थल को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका जता रही है, क्योंकि कुएं के ऊपर केवल डेढ़ से दो फीट का ही होल है। जहां से घरवाले पानी निकालते थे। ऐसी जगह पर तीन लोगों का शव एक साथ मिला है। इसके कारण पुलिस को संदेह है। लालबाग थाना प्रभारी शिवेंद्र राजपूत ने कहा कि जांच जारी है। पीएम शार्ट रिपोर्ट में कुछ खास नहीं है। घरवालों के बयान के बाद कुछ और जानकारी मिल सकती है। घटना बीते मंगलवार की है। जब करमतरा में एक साथ परिवार के चार लोगों का शव मिला। मां विजया बाई सहित चार साल की काव्या व दो साल के पीयूष का शव घर के कुए से बरामद किया गया। वहीं पिता डोमन कुमार का शव उनके पुराने घर की बाड़ी में फांसी पर लटका मिला था। इस सामूहिक आत्महत्या के मामले को लेकर गांव में आज भी दहशत का माहौल है। स्वजन शोक में है। इसके कारण पुलिस घरवालों का बयान नहीं ले पाया है। जांच के दरमियान पुलिस ने मामले को पारिवारिक विवाद मानकर जांच कर ही है। —बाजार में चाकू लेकर लोगों को डरा रहा आरोपित गिरफ्तार राजनांदगांव। खैरागढ़ के इतवारी बाजार में लोहे का चाकू लेकर लोगों को डराने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बाजार में दिवाली को लेकर ग्राहकों की भीड़ थी। आरोपित को चाकू लेकर घुमते हुए देख लोग डर गए थे। इसकी सूचना के बाद खैरागढ़ पुलिस बाजार पहुंची और आरोपित गोल बाजार निवासी 40 वर्षीय जुल्फकार बेग को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। आरोपित इतवारी बाजार में सब्जी व मछली-मटन मार्केट में लोगों को डरा रहा था। खैरागढ़ पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया है।
Posted By: Nai Dunia News Network




